ग्वालियर में चर्चित ज्योतिषाचार्य ने डॉक्टर, इंजीनियर, कारोबारी व भाजपा नेता से करोड़ों रुपए ठगे

ग्वालियर. पुलिस ने शहर में करोड़ों की ठगी कर गायब हुए चर्चित ज्योतिषाचार्य मनोज शर्मा उसके बेटे प्रफुल्ल शर्मा और बेटी साक्षी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि इन्हें उज्जैन से पकडा गया है लेकिन ग्वालियर पुलिस का दावा है कि इन्हें शहर से ही पकड़ा गया है। ज्योतिषाचार्य के परिवार ने शहर के कई बड़े कारोबारी, व्यापारी, डॉक्टर, इंजीनियर व भाजपा-कांग्रेस नेताओं को शिकार बनाया। ये लोग तंत्र मंत्र व ज्योतिषी कला के जरिए बड़े लोगों के घर में पैठ बनाते थे इसके बाद उनके कारोबार, ठेकेदारी या खदानों के काम की मंदी को ज्योतिषी से दूर करने का झांसा देता था। एक भाजपा नेता को उन्होंने बालाघाट में खदानों में पार्टनर बनाने का झांसा देकर 70 लाख रुपए ठगे है। इसी तरह विदेश से लौटे एक इंजीनियर से 54 लाख रुपए के गहने ठगे थे फिलहाल पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।
कौन है मनोज शर्मा
तानसेन नगर में रहने वाला ज्योतिषाचार्य मनोज शर्मा बेहद शातिर है उसके काम में पत्नी वर्षा शर्मा, बेटा प्रफुल्ल शर्मा, बेटी साक्षी शर्मा भी शामिल है। उसके यहां शहर के बड़े-बड़े व्यापारी, कारोबारी व नेताओं का आना-जाना रहता था। उस पर पड़ाव थाने में 3 एफआईआर धोखाधड़ी के केस दर्ज है। शहर के अन्य थानों में भी मामले दर्ज है। रविवार की रात उसे उज्जैन की एक मल्टी से पड़ाव पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने ज्वाइंट ऑपरेशन में पकड़ा है। बेटा और बेटी भी पकड़े गए है। पूछताछ में मनोज ने बताया कि पत्नी की फरारी के दौरान मौत हो गई है। बेटी पर 10 हजार रुपए, ज्योतिषाचार्य और उसके बेटे पर 5-5 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था। उसने पिछले डेढ़ साल मालवा के उज्जैन, इंदौर में गुजारे है।
ऐसे करता था ठगी
यह घर से ज्योतिषी का काम करता था, जब लोग उसके पास घर की सुख-शांति, बच्चों की पढ़ाई व व्यवसाय में उतार-चढ़ाव के बारे में पूछने आते थे तो यह उनको टारगेट करता था। पहले उन्हें साधारण कांच के टुकड़े से बने मोती को 11 कैरेट का मोनोजाइट नग बताकर गंगा में बहाने के लिए कहता था फिर अपने ही लोगों से कॉल कराकर कुछ अच्छा होने का अहसास कराता था जिससे लोग उसके जाल में फंस जाते थे। इसके बाद सभी को यह बालाघाट में अपनी खदान में पार्टनर बनाने का झांसा देकर ठगी करता था। कई लोगों से उनके पुश्तैनी गहनों से घर में दोष बताकर ठग गहने शुद्धिकरण के लिए बुलाकर हड़प लेता था। उसके ठगे गए कई लोग, जिनको उसने 5 से 10 लाख रुपए से ठगा है वह तो शर्मा के चलते एफआईआर दर्ज कराने भी नहीं आए।
पुलिस पत्नी की मौत की सच्चाई पता करेगी
ज्योतिषाचार्य मनोज शर्मा बेहद शातिर है उसके काम में उसकी पत्नी वर्षा शर्मा भी भागीदार थी। परिवार के चारों सदस्यों में अकेली वही थी जो पुलिस के सामने जल्दी टूट सकती थी लेकिन उसे यह बीमारी से मौत होना बता रहा है। पीडि़त भाजपा नेता ने पुलिस को बताया है कि आरोपी मनोज शर्मा खुद अपनी दो बार तेरहवी कर चुका है इसलिए पत्नी की मौत हुई है या नहीं पुलिस इसकी पड़ताल करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *