सड़क पर दौड़ते कंटेनर से 2.25 लाख के पार्सल चोरी, मोहना-गुना के बीच ताले तोड़कर 107 पैकेट चोरी, चालक को पता भी नहीं चला

ग्वालियर. ग्वालियर में हाइवे से ई-कॉम एक्सप्रेस कंपनी के 107 पैकेट अनोखे अंदाज में चोरी हो गए हैं। मोहना और गुना के बीच सड़क पर दौड़ते कंटेनर से 792 पैकेट में से 107 पार्सल चोरी हो गए। इतनी बड़ी चोरी हो गई और चालक को पता तक नहीं चला। घटना गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात आगरा-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग की है। चालक ने मोहना में खाना खाने के लिए रूकने की बात कही है। शुक्रवार रात ग्वालियर के मोहना थाने में चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस का यही मानना है कि यह चोरी मोहना पर चालक के रूकने के दौरान हुई है। चोरी गए सामान की कीमत 2.25 लाख रुपए हैं। इन पैकेट्स में एलईडी टीवी से लेकर कपड़े व मैकअप किट तक शामिल है।

राजगढ़ निवासी महेश बैरागी पुत्र हनुमान दास बैरागी कंटेनर (बड़ा ट्रक) चालक है। दो दिन पहले वह ग्वालियर से ई-कॉम एक्सप्रेस कोरियर सर्विस से पार्सल के 792 पैकेट्स भरकर इंदौर के लिए निकला था। जिसमें इलेक्ट्रोनिक्स सामान, स्मार्ट वॉच, कपड़े और मैकअप किट थे। चालक कंटेनर लेकर जब मोहना हाइवे पर पहुंचा तो खाना खाने के लिए एक ढाबे पर रूक गया। खाना खाने के बाद वह एक घंटे आराम करने के लिए ढाबे पर ही सो गया। इसके बाद वह उठा और कंटेनर चेक करने के बाद आगे के लिए रवाना हो गया। जब वह गुना हाइवे पर चाय पीने के लिए रूका तो उसने गाड़ी चेक की। तो पता चला कि चोर कंटेनर का ताला तोड़कर उसमें से करीब सवा दो लाख रुपए से ज्यादा रुपए का सामान पार कर ले गए है। वारदात का पता चलते ही पहले कंपनी के प्रभारी राकेश तिवारी को सूचना दी। वह स्पॉट पर पहुंचे और उसके बाद मोहना थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

इस मामले में पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस मोहना के उस ढाबा पर पहुंची जहां चालक ने आराम किया था। यहां कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। पुलिस को एक बात गले नहीं उतर रही है कि मोहना से जब चालक चला तो सब ठीक था, लेकिन गुना में रूका तो चोरी हो गई थी। मतलब हाइवे पर चलती गाड़ी से तो कंटेनर में चोरी हुई नहीं होगी। पुलिस चोरी की असल कहानी का पता लगा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *