ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कलेक्टर, एसपी और निगम आयुक्त के साथ किया क्षेत्र का भ्रमण
सागरताल के सौंदर्यीकरण के लिये करें कार्य : सागरताल पर पुलिस चौकी हो स्थापित
ग्वालियर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा है कि उपनगर ग्वालियर के सागरताल को जन आकर्षण का केन्द्र बनाया जाए। ताल की साफ-सफाई के साथ ही प्रकाश व्यवस्था को भी और बेहतर बनाया जाए। मंत्री श्री तोमर ने गुरूवार को कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक अमित सांघी एवं नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा के साथ उपनगर ग्वालियर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए यह निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री ने सागरताल के निरीक्षण के दौरान ताल में गंदगी को देखकर अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सागरताल की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। ताल के चारों ओर लगी जालियों को चुस्त-दुरूस्त कराया जाए। इसके साथ ही सागरताल के चारों ओर आकर्षक विद्युत की सजावट भी की जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास के माध्यम से सागरताल को पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित करने की कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक से सागरताल पर पुलिस चौकी स्थापित करने की व्यवस्था करने का भी आग्रह किया।
विद्युत समस्या के निराकरण हेतु ऊर्जा मंत्री पहुँचे हरिहर नगर
उपनगर ग्वालियर के हरिहर नगर में शॉर्ट सर्किट से 50 घरों की बिजली बंद हो जाने की शिकायत मिलने पर ऊर्जा मंत्री स्वयं विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुँचे और विद्युत लाईन के संधारण का कार्य अपने सामने ही शुरू कराया। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि हरिहर नगर में विद्युत आपूर्ति ठीक करने हेतु जो भी आवश्यक कार्य हैं उसे तत्काल कराया जाए।
अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आम उपभोक्ताओं को विद्युत की निर्वाध आपूर्ति मिलती रहना चाहिए। विद्युत आपूर्ति बाधित होने की कोई भी सूचना मिलने पर विभाग का दल तत्परता से समस्या के निराकरण हेतु कार्रवाई सुनिश्चित करे।
