वर्ष 2012 में झांसा देकर रूपये ऐंठे थे, जैतल कन्स्ट्रक्शन कंपनी के संचालक पर एफआईआर दर्ज
ग्वालियर. सस्ते फ्लैट का झांसा देकर जैतल कंस्ट्रक्शन कंपनी के संचालक ने व्यक्ति को सवा 6 लाख रूपये की चपत लगा दी। घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के एसबीआई बैंक सिटीसेंटर की हैं। कई वर्ष तक चक्कर लगाने केबाद भी जब फ्लैट नहीं मिला और कंपनी ने अपना कंस्ट्रक्शन पूरा नहीं किया तो पीडि़त ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस नेजांच के बाद कंपनी संचालक व मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है मामला
पुलिस के मुताबिक भोपाल निवासी शत्रुघ्न शर्मा पुत्र गंगाराम शर्मा अभी शिवाजीनगर आमखो में रह रहे हैं। वर्ष 2012 में उनकी मुलाकात जैतल कंस्ट्रक्शन कंपनी के संचालक वीरेन्द्र कुमार गुप्ता से हुई। वीरेन्द्र गुप्ता ने बताया कि वह ग्वालियर में एक टाउनशिप बना रहे है। जिस पर उन्होंने भी एक फ्लैट लेने की इच्छा जताई तो वीरेन्द्र गुप्ता व उनके मैनेजर नरेश गुप्ता ने उन्हें अपनी साइट दिखाई। पसंद आने पर उन्होंने उनको 50 हजार रुपए नगद देकर एक फ्लैट बुक कराया और हर माह 75 हजार रुपए की किश्त तय की। वीरेन्द्र गुप्ता व नरेश गुप्ता ने उन्हें वर्ष 2014 में फ्लैट तैयार कर देने की बात कही थी।
बिना कंस्ट्रक्शन करें जल्द काम पूरा होने का दे रहे थे भरोसा
इसके बाद जब समय नजदीक आया तो वह अपना फ्लैट देखने आये तो पता चला कि जितना बना हुआ उन्होंने उस समय देखा था फ्लैट अभी भी उतना ही बना हुआ है। वह वीरेन्द्र व नरेश से मिले तो उन्होंने कुछ परेशानी आना बताया और जल्द से जल्द फ्लैट तैयार कराने की बात कहीं। उनकी बातों में आकर वह इंतजार करते रहे, लेकिन काम उससे आगे नहीं बढ़ा। काफी समय बीतने के बाद जब भी वह बात करन जाते, तो वह हर बार नया वादा करते थे। काफी परेशान होने पर उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी वीरेन्द्र गुप्ता व नरेश गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया हैं।
पहले भी हो चुकी है शिकायत
जैतल कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई लोगों ने वीरेन्द्र गुप्ता के खिलाफ शिकायत की है। इस मामले में विश्वविद्यालय थाना प्रभारी रामनरेश यादव का कहना है कि पीडि़त की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
