ग्वालियर में सिक्योरिटी गार्ड ने डॉग की पीट-पीटकर हत्या की, पेट्स लवर्स ने गार्ड को लात-घूंसों से मारा, टीआई ने बचाया
ग्वालियर. ग्वालियर में पॉश कॉलोनी में तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड ने डॉगी को डंडे से पीटकर मार डाला। घटना का सीसीटीवी फुटेज देख डॉग लवर्स ने मोर्चा खोल दिया। उन्होंने गार्ड की शिकायत थाने में कर दी। झांसी रोड थाने में गार्ड के खिलाफ शिकायत की गई इसी दौरान जब गार्ड थाने में आ रहा था तभी डॉग लवर्स ने उसकी पिटाई कर दी।
पिटाई से गई डॉगी की जान
शहर की हरशिंकरपुरम कॉलोनी में सिक्योरिटी गार्ड संजय वर्मा तैनात है। सोमवार की देर शाम कॉलोनी में एक छोटा डॉगी घुस आया। गार्ड ने डॉगी को डंडे से पीटना शुरू कर दिया। बेरहमी से की गई पिटाई के बाद डॉगी ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बारे में डॉग लवर्स को जानकारी मिलते ही उन्होंने वहां लगे सीसीटीवी फुटेज को चेक किया जिसमें गार्ड संजय डॉगी को पीटते नजर आया। डॉग लवर्स ने झांसी रोड थाने में गार्ड के खिलाफ शिकायत कर दी। इस दौरान जब आरोपी गार्ड संजय थाने पहुंच रहा था उसी दौरान डॉग लवर्स का गुस्सा उन पर फूट पड़ा और सभी ने मिलकर आरोपी को पीटना शुरू कर दिया।
आरोपी की पीटाई देख थाने में तैनात पुलिसकर्मी उसे बचाने के लिए दौडे। किसी तरह आरोपी को डॉग लवर्स से बचाकर थाने लाया गया। थाना टीआई ने कहा कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। डॉगी के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

