सिटीसेंटर में एसबीआई एटीएम से छेड़छाड कर 1.59 लाख रु. निकाले, कैश तो निकला पर खाते से नहीं कटा
ग्वालियर. ग्वालियर में बदमाश ने एसबीआई के एटीएम छेड़छाड़ कर 1.59 लाख रुपए निकाल लिए। तरीका भी ऐसा कि बैंक को पता लगाने में 7 दिन लग गए। बदमाश ने न तो एटीएम कार्ड बदला और न ही ओटीपी पूछा। बदमाश ने एटीएम बूथ में जाकर एटीएम कार्ड लगाया और कैश निकालने के लिए प्रोसेस की जब रुपए निकलने वाले थे तभी कैश ट्रे के शटर को पिन से अटका दिया। 5 सेकंड बाद शहर को खोलकर उसमें आए रुपए उठा लिए। इससे बैंक में ट्रांजैक्शन फेल हो गया लेकिन ठग के पास पैसा आ गया। इस तरह 12 कार्ड की मदद से बदमाश ने 1.59 लाख रुपए निकाल लिए। घटना 16 जून 2021 सिटी सेंटर की है। बैंक प्रबंधन की शिकायत पर क्राइम ब्रांच थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
सिटी सेंटर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बाहर एटीएम बूथ है। बैंक के बाहर है इसलिए इसमें एडीडब्ल्यूएम (ऑटोमेटिक डिपोजिट विड्रॉल मशीन) लगी है। इससे एटीएम के जरिए कैश निकाल सकते है साथ ही जमा भी कर सकते है। एक दिन पहले बैंक में वीकली ऑडिट के दौरान पता लगा कि 1.59 लाख रुपए का हिसाब गड़़बड़ है, जब उसकी सभी एंट्री व कम्प्यूटर सिस्टम से मैच किए तो पता लगा कि एटीएम के जरिए कैश निकाला है इसके बाद वरिष्ठ अफसरों को सूचना दी साथ ही बैंक की टैक्निकल टीम को भी बुलवाया। जांच की तो पता चला कि बदमाशों ने मशीन से छेड़छाड़ कर रुपए निकाले। पता चलते ही शिकायत एसपी से की जिसके बाद मामले की जांच एसपी अमित सांघी ने क्राइम ब्रांच को सौंपी है।
सीसीटीवी में दिखा हुलिया
बैंक ने जब सीसीटीवी फुटेज निकलवाए तो उसमें एक युवक 16 जून शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक वारदात को अंजाम देता दिख रहा है। वह मुंह पर मास्क पहने है और ब्लैक टीशर्ट व लॉअर पहने है। वह वारदात कर चला जाता है कुछ देर बाद नया एटीएम कार्ड लेकर आता है फिर वारदात करता है। करीब 12 बार वह आता-जाता दिखा है। उसका हुलिया पुलिस ने लेकर तलाश शुरू कर दी है। वहीं क्राइम ब्रांच बैंक से डिटेल मांग रही है कि किस एटीएम से ठग ने रुपए निकाले है और वह खाते किसके नाम पर है।

