Latestअंतरराष्ट्रीयराज्यराष्ट्रीय

महलगांव में एक दुकान में कस्टमर बनकर आए दो युवक, धक्का मारा और छीन ले गए 20 हजार व मोबाइल

ग्वालियर. कस्टमर बनकर आए बाइक सवार दो बदमाश दुकानदार के बेटे को धक्का मारकर मोबाइल और 20 हजार रुपए छीन ले गए। वारदात के बाद व्यवसायी के बेटे ने उनका पीछा कर शोर मचाया लेकिन वह बाइक की स्पीड बढ़ाकर भाग गए। घटना विश्वविद्यालय के महलगांव में मंगलवार की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर बाइक सवारों की तलाश शुरू कर दी है।
महलगांव में बीके इन्टरप्राइजेज के नाम से शॉप
जानकारी के अनुसार सिटी सेंटर महलगांव निवासी विनोद पुत्र विद्याराम शर्मा पेशे से व्यवसायी है और उनकी महलगांव में ही बीके इन्टरप्राइजेज के नाम से शॉप है। मंगलवार को वह किसी काम से घर आए थे। दुकान पर उनका बेटा वैभव बैठा था तभी दो युवक उसके पास पहुंचे और गोंद की बोतल मांगी। वैभव गोंद की बोतल लेने के लिए अंदर की तरफ मुड़ा तभी एक युवक ने उसे धक्का दिया और उसके हाथ से मोबाइल छीना जबकि दूसरे बदमाश ने गल्ले में हाथ डाल कर उसमें रखे 20 हजार रुपए निकालकर बाइक की तरफ दौड़े। व्यापारी पुत्र भी उनकी तरफ भाग पर बदमाश बाइक पर सवार होकर भाग गए।
वारदात के बाद व्यवसायी पुत्र ने खुद को संभालकर बदमाशों के पीछे दौड़ भी लगाई लेकिन बदमाश उसके पहुंचने से पहले ही बाइक की गति बढ़ाकर भाग निकले। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी में कैद हुए चेहरे
पुलिस ने घटना की पुष्टि और बदमाशों का पता लगाने के लिए चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले तो बदमाश बाइक से जाते हुए दिखे हैं। दोनों बदमाशों की उम्र 25 से 30 साल के लगभग बताई जा रही है। एक बदमाश से सफेद शर्ट और दूसरे ने काली टीशर्ट पहनी हुई थी और चेहरे पर साफी बांधे हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *