ऊर्जामंत्री ने खंभे पर चढ़कर साफ किए झाडि़यां व घोंसले, ट्रांसफार्मर व पोल मेंटेनेंस की हकीकत दिखी
ग्वालियर. कमलनाथ कैबिनेट में मंत्री रहते हुए नाली, गड्ढ़ों में कूदकर सफाई व्यवस्था की पोल खोलने वाले प्रद्युम्न सिंह अपने कार्यों से चर्चा में रहते हैं। आज शुक्रवार सुबह ट्रांसफार्मर और पोल पर चढ़कर अनोखे अंदाज में सफाई व्यवस्था की पोल खोलते दिखे।
शुक्रवार की सुबह मोतीझाील बिजली कंपनी के कार्यालय पर निरीक्षण कर लौट रहे मंत्री को कार्यालय के सामने ट्रांसफार्मर पर चिडि़यों का घोंसला, झाडि़यां, बेल उगी दिखीं। यहां रूकने के बाद मंत्री ने अफसरों के सामने पहले आंखे तरेरीं और उनको आईना दिखाने खुद सीढ़ी मंगाकर ट्रांसफार्मर पर चढ़ गए। उन्होंने खुद झाडि़यों को साफ किया। नीचे उतरकर मंत्री ने कहा कि मेंटेनेंस की हकीकत दिख रही है। दोषी कर्मचारी प्रशासनिक सर्जरी के लिए तैयार रहें और उन्हें इस लापरवाही पर नोटिस दिया है।
बिजली कंपनी साल में दो बड़े मेंटेनेंस करती हे। (एक प्री-मानसून और दूसरा पोस्ट मानसून) प्री मानसून में ज्यादातर यही होता है कि ट्रांसफार्मर की प्रॉपर सर्विस के साथ ट्रांसफार्मर, पोल व तारों के आसपास पेड़ की झाडि़यां, चिडि़यों के घोसले हटाए जाते है। इससे मानसून के समय ट्रिपिंग का कारण यह झाडि़यां और पेड़ों की डाले न बनें। इस कारण घंटों बिजली गुल रहने पर जनता परेशान होती है पर इसकी जमीनी हकीकत आज सुबह उस समय दिखाई दी जब प्रदेश के ऊर्जामंत्री अपने गृह जिला में विद्युत कंपनी के मोतीझील कार्यालय पहुंचे। वह सुबह औचक निरीक्षण के मूड में गए थे पर वह उस समय दंग रह गए जब देखा कि कार्यालय के सामने ट्रांसफार्मर पर झाडि़यां उग रहीं थी। चिडि़या का पुराना घोसाला बना था इस पर काफी नाराज हुए।
अब बिजली विभाग प्रशासनिक सर्जरी के लिए तैयार रहे- मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर
प्रमुख सचिव, मध्य क्षेत्र, पश्चिम क्षेत्र के एमडी और अन्य अफसरों से कहना चाहूंगा कि मैं कहीं भी निरीक्षण करूंगा अगर मेंटेनेंस में इस तरह की लापरवाही सामने आई तो किसी को नहीं छोड़ूंगा। अब कड़ी कार्रवाई होगी और बिजली विभाग प्रशासनिक सर्जरी के लिए तैयार रहे।

