व्यापार मेले की 25 फरवरी को होगा मेले का समापन, 27 को कट जाएंगी बिजली
ग्वालियर। व्यापार मेले का आज आखिरी संडे है। 25 फरवरी को मेले का समापन हो जाएगा। इस बार व्यापारी भी अन्य सालों की अपेक्षा जल्दी लौट जाएंगे। होली से पहले मेला खाली होना शुरू हो जाएगा। मेले का आज आखिरी रविवार होने के चलते मेला परिसर में सुबह से ही खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। होली से पहले बाहर से आए दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए सामानों की कीमतों में भारी कटौती कर दी है। रविवार की छुट्टी और आकर्षक छूट का असर ऐसा रहा कि मेले का हर सेक्टर खरीदारों से खचाखच भरा नजर आया। सुबह से ही परिवारों, युवाओं और बच्चों की टोलियां मेले की ओर रुख करती दिखाई दीं। पार्किंग स्थल में गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं। हर हाथ में थैले और पैकेट नजर आए। कई लोग अपने वाहनों पर फर्नीचर और बड़े सामान लादकर ले जाते दिखे। मेले का माहौल पूरी तरह से उत्सव में तब्दील हो गया है।
खिलौनों और खानपान स्टॉल पर रही बच्चों की रौनक
मेले के खिलौना सेक्टर में बच्चों की चहल-पहल सबसे ज्यादा देखने को मिल रही है। रंग-बिरंगे खिलौने, इलेक्ट्रॉनिक कार, गुड़िया और गेम्स की दुकानों पर भीड़ लगी रही। बच्चे अपनी पसंद के खिलौने खरीदने की जिद करते नजर आए। खानपान सेक्टर में भी अलग ही रौनक दिखाई दी। चाट, गोलगप्पे, जलेबी, पावभाजी, भेलपुरी, सॉफ्टी के साथ विभिन्न राज्यों के विशेष व्यंजनों का स्वाद लेने के लिए लोग लंबी कतारों में खड़े रहे।
लोज, कपड़े और ज्वेलरी की दुकानों पर भी भीड़
लोज सेक्टर में ट्रॉली बैग, सूटकेस और बैकपैक पर विशेष छूट दी जा रही है। होली और आगामी शादियों के सीजन को देखते हुए लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। कपड़ों की दुकानों पर भी भारी भीड़ देखी जा रही है। साड़ियां, सूट, कुर्ती-पलाजो और बच्चों के परिधानों की अच्छी बिक्री हो रही है। इसके अलावा कंबल और रजाइयां भी खूब बिक रही हैं। ज्वेलरी सेक्टर में आर्टिफिशियल ज्वेलरी और फैशन एक्सेसरीज महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई हैं। दुकानदारों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों की तुलना में आज बिक्री कई गुना बढ़ी है।
होली से पहले घर वापसी की तैयारी कर रहे कारोबारी
बाहर से आए कई दुकानदारों ने बताया कि होली से पहले वे अपने-अपने शहरों को लौटने की तैयारी कर रहे हैं। इसलिए स्टॉक खत्म करने के उद्देश्य से विशेष छूट दी जा रही है।आज अंतिम रविवार होने के कारण दुकानदार भी ज्यादा से ज्यादा बिक्री करने में जुटे हैं। हालात यह हैं कि ग्राहकों को मुंह मांगे दामों पर सामान मिल रहा है।

