सर गंगाराम अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी के चलते 25 मरीजों की मौत
नई दिल्ली. कोरोना के कहर के बीच राजधानी दिल्ली से बड़ी खबर सामने आई है। ऑक्सीजन की कमी के चलते दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में बीते 24 घंटे में 25 मरीजों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अस्पताल के पास अब महज दो घंटे की ही ऑक्सीजन बची है और 60 से ज्यादा मरीजों की जान खतरे में है हालांकि तेजी से अस्पताल में ऑक्सीजन पहुंचाने का काम किया जा रहा है लेकिन इस ऑक्सीजन की इस किल्लत ने देश में हाहाकार मचा दिया है।
दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर ने बताया कि अस्पताल में पिछले 24 घंटे में 25 बीमार मरीजों की मौत हो गई है। वेंटिलेटर मशीन प्रभावी ढंग से काम नहीं कर रहे है। ऑक्सीजन की तत्काल आवश्यकता है। दरअसल अस्पताल के अधिकारियों ने गुरूवार रात सरकार को आपात संदेश भेजकर कहा था कि स्वास्थ्य केंद्र में केवल पांच घंटे के लिए ऑक्सीजन बची है और तुरंत इसकी आपूर्ति का अनुरोध किया था। ऑक्सीजन की कमी के चलते 60 से अधिक मरीजों की जान खतरे में है हालांकि ऑक्सीजन की किल्लत के बीच सुबह से अब तक दो ऑक्सीजन टैंकर सर गंगाराम अस्पताल पहुंचाए गए है।
वहीं एक अन्य टैंक साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भी पहुंचाया गया है। बता दें कि दिल्ली में बीते चार दिनों से ऑक्सीजन का संकट गहराता जा रहा है इसको लेकर लगातार मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया केंद्र से मदद की अपील भी कर रहे हैं। इस बीच दिल्ली के एक अन्य अस्पताल होली फैमिली के डॉक्टर सुमित रे ने कहा है कि हमने लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन ली है जो एक घंटे चलेगी और बैकअप ऑक्सीजन की आपूर्ति दो घंटे चलेगी।
