ग्वालियर में लग्जरी बस से आ रहे थे 50 यात्री, जांच करने पर बस चालक समेत 5 यात्री पॉजिटिव निकले
ग्वालियर. ग्वालियर में हाईवे पर दौड़ते कोरोना वायरस को कोविड मोबाइल यूनिट ने पकडा है। गुरूवार को शिवपुरी से आ रहे लग्जरी बस को हाईवे पर रोका तो उसमें 50 यात्री सवार थे। बस में सभी का रैपिट एंटीजन टेस्ट किया गया। बस चालक सहित 5 यात्री कोरोना पॉजिटिव मिले है। इन यात्रियों ने कुछ समय के लिए कंडक्टर के न होने पर बस चालक से ही टिकट बनवाया था। किसी को भी कोई बीमारी या सांस लेने में तकलीफ नहीं होने पर सभी को होम आईसोलेशन में रखा गया है साथ ही इंदौर, भोपाल से आने वाली हर बस की इसी तरह जांच करने के निर्देश दिए गए है।
झांसी हाईवे व शिवपुरी हाईवे पर कोविड मोबाइल यूनिट सक्रिय
ग्वालियर में इस समय कोरोना संक्रमण काफी तेजी से फैल रहा है, कोरोना में हर दिन के साथ संक्रमित के नए रिकॉर्ड बन रहे है। चिंता की बात यह है कि बीते 7 दिन में 35 से ज्यादा की मौत हो चुकी है। यही कारण है कि अब स्वास्थ्य विभाग ने कोविड मोबाइल यूनिट से शहर की सीमाओं पर भी चैकिंग शुरू कर दी है। विशेषकर भोपाल, इंदौर की ओर से आने वाली बसों को तो बिना कोविड जांच के लिए निकलने ही नहीं दिया जा रहा है क्योंकि इंदौर, जबलपुर और भोपाल में कोरोना संक्रमण सबसे पहले फैला था इसलिए झांसी हाईवे और ग्वालियर शिवपुरी हाईवे पर कोविड मोबाइल यूनिट सक्रिय है।
रैपिड एंटीजन टेस्ट से खुलासा हुआ
कोरोना जांच नोडल अधिकारी डॉ. अमित रघुवंशी ने बताया कि शहर में तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण की रफ्तार पर ब्रेक लगाने के लिए गुरूवार को शहर को जोड़ने वाली दूसरे जिलों की सीमाओं पर बनाए गए चैकिंग प्वाइंट पर शहर में एंट्री लेने वाले लोगों की जांच के लिए मोबाइल यूनिट टीम को भेजा गया था। विक्की फैक्ट्री स्थित चौराहा पर जांच टीम के सदस्य संदीप प्रधान व टीम ने अन्य सदस्यों ने शिवपुरी से यात्रियों के लेकर आ रही सवारी बस रोक कर बस में सवार यात्रियों की जांच की। जांच में बस का ड्राइवर जो हजीरा इलाके का रहने वाला है वो पॉजिटिव निकला बाद में पता लगा कि उससे कई यात्रियों ने टिकट बनवाए थे तभी बस में सफर कर रहे सभी यात्रियों का रैपिड एंटीजन टेस्ट किया गया। इसमें बस चालक सहित 5 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले है। टीम ने तत्काल इस मामले की जानकारी जिला प्रशासन के साथ ही सीएमएचओ को दी। वहीं मिले सभी कोरोना संक्रमितों को लक्षण नहीं मिलने पर उनके घरों में आइसोलेट कराने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों की निगरानी में उनके घर के लिए भेज दिया गया है।
