पुलिस की हैवानियत-बर्बरता ऐसी मारपीट का विरोध तो बंदूक दिखाकर पति से बोले सिर में उतार दूंगा
खण्डवा. छैगांवमाखन के सिरसौद बंजारी में रविवार को कोरोना संक्रमित और उसके परिवार की पिटाई के सबंध में स्वास्थ्य विभाग व पुलिस की कहानी लोगों को हजम नहीं हो रही है। छैगांवमाखन सीएचसी की डॉ. पूर्वा कुशवाहा का कहना है कि दोपहर 1.30 बजे हम टीम के साथ ललित पटेल के घर पहुंचे। उसने देखते ही हम पर पथराव कर दिया। हम बचाव कर घटनास्थल से भागे। इस बीच मैं गिर गयी और फिर मैंने छैगांवमाखन पुलिस को सूचना देकर बुलाया है, वहीं ललित की मां लक्ष्मीबाई का कहना है कि दोपहर 2 बजे घर में मेरा बेटा ललित, पति श्रीराम पटेल, बेटी रानू चाय पी रहे थे।
ज्यादा बात करेगा तो सिर में उतार दूंगा
पुलिस सीधे हमारे घर के अन्दर घुस आई और ललित की कॉलर पकड़कर उठाया। जब हमने इस बात का विरोध किया तो एक जवान ने बन्दूक दिखाते हुए मेरे पति से कहा अधिक बात करेगा तो सिर में उतार दूंगा। इतना कहते ही पुलिस कर्मियों ने मारपीट शुरू कर दी। जब हम बीच बचाव के लिये दौड़े तो हम पर बेदर्दी से लाठियां भांजी। इस दंरदिंगी पूर्व मारपीट से पटेल समाज में आक्रोश है। समाजजन द्वारा सोमवार को गांव में बैठक होगी। जिसमें एसपी और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर दोषी पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज कर उन्हें निलंबित करने की मांग की जायेगी।
सिविल लाइंस में होम आइसोलेट किया
संक्रमित ललित व उसके परिजन की गिरफ्तारी के बाद सिविल लाइंस स्थित एक छात्रावास में आइसोलेट किया है। इसके अलावा छैगांवमाखन थाने के पुलिसकर्मियों जो मारपीट में शामिल थे, सभी को होम क्वारेंटाइन कर दिया।
टीआई सहित एक आरक्षक लाइन अटैच
वायरल वीडियो देख एसपी विवेक सिंह ने सीएसपी ललित गठरे को छैगांवमाखन भेजा। विधायक राम दांगोरे भी थाने पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी एसपी को दी। एसपी ने टीआई गणपत कनेल व आरक्षक आकाश को लाइन अटैच कर दिया। एसपी विवेक सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया मामले की जांच जारी है।
