एमपी के 3 और जिलों में पूर्ण लॉकडाउन लगा
भोपाल. बढ़ते कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए मध्यप्रदेश के 3 और जिलों में पूर्ण लॉकडाउन लगा दिया गया है। अब पन्ना के सभी नगरीय क्षेत्रों में 15 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन रहेगा जबकि मंडला के सभी नगरीय क्षेत्रों और देवास शहर में 19 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया गया है।
प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सभी जिलों के क्राइसिस मैनेजमेंट टीम की बैठक अपने आवास पर बुलाई। इस बैठक में सभी जिलों के कलेक्टर और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। जानकारों के अनुसार बैठक में राजधानी भोपाल में 19 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया जा सकता है।
ये सेवाएं चालू रहेंगी
लॉकडाउन के दौरान इन जिलों में सिर्फ जरूरी सेवाएं जैसे- मेडिकल स्टोर, डेयरी शॉप, एंबुलेंस और दमकल वाहनों को छूट दी जाएगी। इसके अलावा स्टेशन जाने वाले यात्री टिकट दिखाकर यात्रा कर सकेंगे। वहीं टीकाकरण के लिए भी लोगों को छूट दी गई है।
