कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर एवं एसपी कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने सड़कों पर उतरे

ग्वालियर शहर के व्यस्ततम बाजारों में कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के लिये संभाग आयुक्त आशीष सक्सेना के नेतृत्व में वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी गुरूवार को सड़कों पर उतरे। इस दौरान सभी अधिकारियों ने मास्क वितरित किए, दुकानदारों को सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखकर अपना कारोबार करने की समझाइश दी। साथ ही उन्हें आगाह भी किया कि यदि बिना मास्क लगाए और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किए बगैर किसी दुकान या बाजार में कारोबार होता मिला तो प्रशासन को मजबूरन ऐसी दुकानों व बाजारों को बंद करने की कार्रवाई करनी पड़ेगी।
संभाग आयुक्त आशीष सक्सेना, पुलिस महानिरीक्षक अविनाश शर्मा, कलेक्टर कौशलेन्द्रविक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक अमित सांघी एवं अपर जिला दण्डाधिकारी रिंकेश वैश्य सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी सबसे पहले फूलबाग चौराहे पर पहुँचे। इसके बाद फूलबाग गुरूद्वारा, नदीगेट, जयेन्द्रगंज, इंदरगंज, ऊँटपुल, पाटनकर बाजार व दौलतगंज होते हुए महाराज बाड़ा पहुँचे। यहाँ पर वरिष्ठ अधिकारियों ने नजरबाग मार्केट व सुभाष मार्केट सहित बाड़े पर स्थित अन्य बाजारों का जायजा लिया।
व्यस्ततम बाजारों में पहुँचकर बाँटे मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग के साथ करें कारोबार
इस अवसर पर संभाग आयुक्त एवं पुलिस महानिरीक्षक ने लश्कर क्षेत्र के इंसीडेंट कमाण्डर अनिल बनवारिया एवं पुलिस टीम को निर्देश दिए कि बाड़े पर स्थित विभिन्न बाजारों में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ दुकानें लगवाई जाएँ। साथ ही दुकानों के आगे गोल घेरे भी बनवाए जाएँ। दुकानदारों को भी समझाया कि सभी दुकानदार आपसी समन्वय बनाकर ऐसी व्यवस्था बनाएँ, जिससे किसी भी दुकान के सामने भीड़ जमा होने की स्थिति न बने। साथ ही स्पष्ट किया कि बिना सोशल डिस्टेंसिंग के किसी को भी दुकान चलाने की अनुमति नहीं दी जायेगी।
कलेक्टर ने इंसीडेंट कमाण्डर सहित उनकी पूरी टीम को निर्देश दिए कि महाराज बाड़े के सभी बाजारों में सुबह से ही दुकानों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए व्यवस्थित ढंग से लगवाएँ। दुकानदारों को स्पष्ट तौर पर ताकीद कर दें कि कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन न हो। सभी दुकानदार मास्क लगाएँ, ग्राहकों से भी मास्क लगवाएँ, सेनेटाइजर रखें और दुकानों के आगे गोल घेरे बनाएँ। कलेक्टर ने इंसीडेंट कमाण्डर को यह भी निर्देश दिए कि बार-बार समझाने के बाबजूद भी जो दुकानदार कोरोना गाइडलाइन का पालन न करें उनकी दुकानें सील्ड कर दी जाएँ। कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया है कि अत्यधिक भीड़ के बीच किसी भी बाजार में कारोबार करने की अनुमति कदापि नहीं रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *