कौन है बीजापुर नक्सल अटैक का मास्टर माइंड हिड़मा और कैसे बना दुर्दांत नक्सली
रायपुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर में हुए नक्सली इनकाउंटर में 22 सैनिक शहीद हो गये है। जबकि 31 सैनिक जख्मी हो गये है और एक जवान अभी भी लापता है। इनकाउंटर में शहीद हुए सैनिकों को 10 जगदलपुर पुलिसलाईन में श्रद्धांजलि दी गयी। श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अलावा गृहमंत्री अमित शाह समेत कई मंत्री शामिल हुए हैं।
कौन हैं हिड़मा
छत्तीसगढ़ में कई नक्सली हमलों को अंजाम देने वाले दुर्दांत नक्सली हिड़मा का जन्म सुकमा जिले के पुवर्ती गांव में हुआ था। यह गांव दुर्गम पहाडि़यों और घने जंगलों के बीच मेें बसा हुआ है। इस गांव में पहुंचना बहुत मुश्किल हैं। हिड़मा के गांव में पिछले 20 वर्षो से स्कूल नहीं लगा है। यहां आज भी नक्सलियों की जनता सरकार का बोलबाला है। हिड़मा साल 1990 से माओवादियों के साथ जुड़ा है।
बस्तर के साउथ जोन (सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा) में सक्रिय इसी बटालियन का कमांडर है हिडमा। हिडमा की मौत की खबर जब तब फैलती रही है, लेकिन हर बार किसी नई बड़ी वारदात में उसका नाम आ जाता है। हिडमा के बारे में पुलिस और सुरक्षा बल के पास भी ज्यादा जानकारी नहीं है। दैनिक भास्कर ने उसके बारे में जानने के लिए पूर्व नक्सली कमांडर बदरना से बात की। बदरना 2000 में आत्मसमर्पण कर चुके हैं। फिलहाल जगदलपुर में रहते हैं। दरअसल 1996 में बदरना ने ही हिडमा को माओवादी संगठन में भर्ती किया था। बदरना उसके नक्सली संगठन में भर्ती होने और फिर सेंट्रल कमेटी तक पहुंचने का किस्सा विस्तार से बताते हैं।
महज 16 साल की उम्र में नक्सल संगठन में हुआ भर्ती
हिडमा माओवादी संगठन में आया कैसे? इस सवाल पर बदरना कहते हैं, ’16 साल की उम्र में उसके गांव पूर्वती में माओवादियों की ग्राम राज्य कमेटी ने उसे चुना। भर्ती की प्रक्रिया मैंने ही पूरी की थी। उसके साथ कई और बच्चे भी थे। उन्हीं में आज का मशहूर नक्सली पापाराव भी था। बच्चों के लिए माओवादियों में ‘बालल संगम’ नाम से एक संगठन होता है। हिडमा की शुरुआत उसी से हुई।’बदरना बताते हैं, ‘दुबली पतली, लेकिन चुस्त कद काठी वाला हिडमा बहुत तेज-तर्रार था और चीजों को बहुत तेजी से सीखता था।’
‘उसकी इसी काबिलियत की वजह से उसे बच्चों की विंग ‘बालल संगम’ का अध्यक्ष बनाया गया। गोंड समाज से आने वाले हिडमा की शादी माओवादी संगठन में आने से पहले हो चुकी थी। उसका असली नाम मुझे ठीक से याद नहीं, लेकिन हिडमा नाम उसे संगठन ने दिया था।’ बस्तर में माड़वी हिडमा कई नामों से जाना जाता है। हिडमा उर्फ संतोष ऊर्फ इंदमूल ऊर्फ पोड़ियाम भीमा उर्फ मनीष। तो आखिर उसका असली नाम क्या है? इस पर बदरना कहते हैं कि रणनीति के तहत उसका असली नाम छिपाया जाता है।
एके-47 का शौकीन बताया जाता है हिड़मा
बताया जाता है कि हिड़मा एके-47 का शौकीन है। उसकी बटालियन अत्याधुनिक हथियारों से लैस है। 4 चक्रीय सुरक्षा घेरे में वह इसी इलाके में दुबका रहता है। ऐसे में पुलिस के लिए भी इस तक पहुंचना आसान नहीं है। साथ ही जंगल में कनेक्टिविटी की दिक्कत होने की वजह से पुलिस की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। हिड़मा की पत्नी राजे भी नक्सली है वह भी डिवीजनल कमिटी की सदस्य है।
हिड़मा के बाएं हाथ की एक अंगुली कटी है
स्थानीय अखबारों में छपी रिपोर्ट के मुताबिक कुख्यात नक्सली हिड़मा एक हाथ में बंदूक और दूसरी में नोटबुक लेकर चलता है। नक्सली संगठन में शामिल होने के बाद ही हिड़मा ने अपने पढ़े लिखे साथियों से अंग्रेजी सीखी थी। इसके साथ ही उसकी दूसरी पहचान है कि उसके बाएं हाथ की एक अंगुली कटी हुई है। वर्षों पुरानी एक तस्वीर के सहारे ही पुलिस उसे ढूंढ रही है।
