बिल्कुल सुरक्षित है सीआरपीएफ जवान राकेश्वर सिंह मन्हास, नक्सलियों ने जारी की तस्वीर
रायपुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों के साथ हुई सुरक्षाबलों की मुठभेड़ से जुड़ी बडी खबर सामने आई है। नक्सलियों ने पहले एक प्रेस नोट जारी कर दावा किया कि सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स के कोबरा कमांडो राकेश्वर सिंह मन्हास उनके कब्जे में है। कमांडो राकेश्वर को छोड़ने के लिए नक्सलियों ने अपनी शर्ता रखी है और कहा है कि सरकार पहले मध्यस्थों के नाम का ऐलान करे। उनकी शर्तें माने जाने पर वे सीआरपीएफ कमांडो को छोड़ देंगे।
नक्सलियों ने 14 हथियार व 2000 से ज्यादा कारतूस लूटने की बात स्वीकारी
इस बीच नक्सलियों ने अगवा सीआरपीएफ कमांडो राकेश्वर सिंह की तस्वीर जारी कर एक बार फिर उनके पूरी तरह सुरक्षित होने का दावा किया है। अपनी चिट्ठी में नक्सलियों ने मुठभेड़ में शहीद जवानों से 14 हथियार और 2000 से ज्यादा कारतूस लूटने की बात भी स्वीकार की है। नक्सलियों ने ये भी बताया है कि बीजापुर मुठभेड़ में उनके चार साथी मारे गए। प्रेस नोट नक्सलियों की दण्डकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी के प्रवक्ता विकल्प ने जारी किया है।
