5 जवान शहीद और 10 घायल-तररेम के जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़

रायपुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शनिार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 5 जवान शहीद और 10 जवान जख्मी हो गये हैं।
मुठभेड़ तररेम के जंगलों में हुई
छत्तीसगढ़ के डीजीपी डीएम अवस्थी ने बताया कि बीजापुर में तररेम के जंगलों में सुरक्षाबलों के जवान गश्त कर रहे थे। तभी उनका सामना नक्सलियों से हो गया और दोनों तरफ से हुई फायरिंग में सुरक्षाबलों के 5 जवान शहीद हो गये और 10 जवान जख्मी हो गये। SP कमल लोचन कश्यप ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। मुठभेड़ झीरम हमले के मास्टरमाइंड हिड़मा के गांव में हुई है। हमला करने वाले नक्सली उसी की टीम के सदस्य थे। काफी लंबे समय से गांव में नक्सलियों का जमावड़ा लग रहा था। इसकी सूचना पर जवान पहुंचे थे।

जवानों को निशाना बनाने के लिए लगाया 8 किलो का IED बरामद
दूसरी ओर गंगालूर क्षेत्र के चेरपाल के पास मोदीपारा में CRPF 85 बटालियन के जवानों ने 8 किलो का IED विस्फोटक बरामद किया है। नक्सलियों ने इसे जवानों को निशाना बनाने के लिए प्लांट किया था। यह विस्फोटक जवानों ने शनिवार सुबह करीब 7.30 बजे बरामद किया है। इसके बाद इसे विस्फोट कर नष्ट कर दिया गया।

23 मार्च को नक्सलियों ने नारायणपुर में किया था ब्लास्ट, 5 जवान हुए थे शहीद
10 दिन पहले 23 मार्च को नक्सलियों ने नारायणपुर जिले में DRG जवानों से भरी बस में ब्लास्ट कर दिया। इस हमले में 5 जवान शहीद हो गए थे, जबकि 14 घायल हुए थे। ब्लास्ट के दौरान बस में 24 जवान सवार थे। सूचना मिलते ही बैकअप फोर्स को मौके पर रवाना किया गया था। सभी जवान एक ऑपरेशन में शामिल होने के बाद लौट रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *