बेलन छोड़ महिलाओं ने उठाया बल्ला, क्रिकेट के मैदान में दिखाया दम-खम- डॉ. दीपाली माथुर
ग्वालियर। घरेलू जिम्मेदारियों से आगे बढ़कर महिलाओं ने क्रिकेट के मैदान में अपनी खेल प्रतिभा और जज्बे का शानदार प्रदर्शन किया। तानसेन क्रिकेट अकादमी एवं भारती स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित महिला क्रिकेट मैच में ग्वालियर की महिलाओं ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और दम-खम के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में कुल 24 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।मैदान पर महिलाओं ने शानदार बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण का प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में तीन टीमों ने हिस्सा लिया—महिला रॉयल वॉरियर्स, वीरांगना रॉयल वॉरियर्स और नारी शक्ति रॉयल स्ट्राइकर्स। रोमांचक मुकाबलों के बाद वीरांगना रॉयल वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों के रूप में डॉ. दीपाली (जिला स्वास्थ्य अधिकारी), रितु भार्गव (एनसीसी), विजेता चौहान (खेल नोडल अधिकारी), गायत्री शर्मा (समाज सेविका), श्रीमती रश्मि त्रिपाठी (अध्यक्ष, सीडब्ल्यूसी ग्वालियर) और नेहा यादव (सामाजिक कार्यकर्ता) उपस्थित रहीं। अतिथियों ने महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को समाज के लिए सकारात्मक बदलाव बताया।
आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष लवकेश चौधरी, खेल सचिव प्रस्तावना गुप्ता एवं सदस्य अर्चना दीदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने कहा कि महिलाओं को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए।
