दंदरौआ धाम में हनुमान जी के दर्शनों के लिये उमड़ा जन सैलाव, रात 12 बजे लगी लम्बी लाइनें, 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुचने का अनुमान

कई राज्यों से श्रद्धालु यहां पहुंचे है।
भिंड. बुढ़वा मंगल पर मंगलवार को दंदरौआ धाम में श्रद्धालुओं की भारी तादाद में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि 12 बजे मंगला आरती के साथ मंदिर के पट खुले तो दर्शन के लिये लम्बी लाइनें लगनी शुरू हो गयी। सुबह 9 बजे तक लगभग 3.50 लाख श्रद्धालु हनुमानजी के दर्शन लाभ ले चुके थे। मंदिर परिसर से लेकर पहुंच मार्ग तक लम्बी लाइनें दिखाई दी। भीड़ बढ़ने की वजह कुछ रास्तों पर यातायात धीमा हुआ और श्रद्धालुओं को जाम की परेशानी से जूझना पड़ा।
मंदिर प्रबंधन का अनुमान है कि बुढ़वा मंगल के 24 घंटे में लगभग 10 से अधिक श्रद्धालुओं दंदरोआ धाम पहुंच सकते है। सोमवार की रात से ही धाम की तरफ जाने वाले रास्तों पर लोगों की आवाजाही बढ़ गयी थी, आसपास के गांव-कस्बों से कई श्रद्धालु पैदल पहुंचे, जबकि बड़ी संख्या में लोग निजी वाहनों से भी आये।
2-3 घंटे इंतजार के बाद हो रहे दर्शन
सुबह होते-होते दर्शन की कतारें कई हिस्सों में लंबी हो गईं। श्रद्धालुओं को अपनी बारी के लिए करीब 2 से 3 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए मंदिर परिसर में जिकजैक रेलिंग लगाई गई है और गर्भगृह तक पहुंचने के लिए पांच कतारें बनाई गई हैं।मंदिर प्रबंधन के अनुसार, हर कतार में प्रति मिनट 100 से ज्यादा श्रद्धालुओं को दर्शन कराने की व्यवस्था की गई है। इस तरह करीब 500 श्रद्धालु हर मिनट दर्शन कर रहे हैं। गर्भगृह के आसपास भीड़ नियंत्रित करने के लिए 30 से 40 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। प्रवेश और निकासी के रास्ते अलग रखे गए हैं।
700 से ज्यादा जवान संभाल रहे सुरक्षा और ट्रैफिक
लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बड़े स्तर पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की है। एसपी सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन में 700 से ज्यादा पुलिस जवान दंदरौआ धाम और आसपास के रास्तों पर तैनात हैं।पुलिसकर्मी मंदिर परिसर, पार्किंग, प्रमुख चौराहों और पहुंच मार्गों पर नजर रख रहे हैं। भीड़ बढ़ने पर वाहनों को अलग-अलग जगह रोककर ट्रैफिक का दबाव कम किया जा रहा है। धाम से करीब 1 से 1.5 किलोमीटर के दायरे में पांच पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। यहां वाहन खड़े कराने के बाद श्रद्धालुओं को पैदल मंदिर तक भेजा जा रहा है। भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए बैरियर भी लगाए गए हैं। सुबह के समय भीड़ बढ़ने से कुछ मार्गों पर जाम की स्थिति बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *