25 सितंबर से MP में चलेंगी 350 सुगम बसें, भोपाल से गडकरी करेंगे शुरुआत
भोपाल. प्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम बस परिवहन योजना की शुरुआत 25 सितंबर को भोपाल से होगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 350 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। निजी बस ऑपरेटरों के साथ अनुबंध कर इन बसों का संचालन किया जाएगा। सरकार ने मार्च 2027 तक प्रदेश में 1 हजार बसें शुरू करने का लक्ष्य रखा है। इलेक्ट्रिक बसों को प्राथमिकता दी जाएगी। कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप ने बताया कि परिवहन विभाग ने बैठक में योजना का प्रेजेंटेशन दिया। उन्होंने कहा कि करीब 20 साल से यात्री परिवहन की मॉनिटरिंग का काम नहीं हो रहा था। अब यात्री सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित परिवहन व्यवस्था शुरू की जा रही है।
कैबिनेट के अन्य फैसले
इंदौर डेंटल कॉलेज में सीटें 63 से बढ़ाकर 100 करने को मंजूरी।
9,061 करोड़ रुपए की योजनाओं को वर्ष 2031 तक जारी रखने की मंजूरी।
राजगढ़ की पार्वती नदी पर सुठालिया सिंचाई परियोजना और नीमच-जावद दाबयुक्त सिंचाई योजना इसमें शामिल।
ग्राम न्यायालय योजना और विधिक सहायता सलाहकार बोर्ड को मंजूरी।
सिंगरौली और रतलाम की हवाई पट्टियों को एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने केंद्र को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
इंदौर-जबलपुर ग्रीनफील्ड हाईवे औद्योगिक कॉरिडोर के रूप में विकसित होगा
सरकार इंदौर से भोपाल होते हुए जबलपुर तक ग्रीनफील्ड हाईवे विकसित करने की तैयारी कर रही है। इसे औद्योगिक कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की योजना है। मार्ग पर चार स्थानों पर बड़े औद्योगिक क्षेत्र और सिटी डेवलपमेंट किए जाने की बात कही गई है। सरकार के मुताबिक इससे करीब 2 लाख रोजगार के अवसर पैदा होंगे। हालांकि, अभी औद्योगिक क्षेत्रों के स्थान तय नहीं हुए हैं।
