दतिया विधायक घनश्याम सिंह की सदस्यता को हाईकोर्ट में दी चुनौती, BJP नेता ने लगाई याचिका, जल्द हो सकती सुनवाई

जबलपुर. दतिया उपचुनाव के बाद एक बार फिर से विधानसभा सीट चर्चाओं में है। कांग्रेस विधायक घनश्याम सिंह के खिलाफ चुनावी शपथ पत्र में 1991 के आपराधिक मामले की जानकारी कथित तौर पर छिपाने का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की गयी है। याचिका बीजेपी नेता और अधिवक्ता दीपक बेलपत्री ने अधिवक्ता शिवम गौतम के माध्यम से 17 सितम्बर को दायर की है।
याचिका में ऐसा दावा किया गया है कि घनश्याम सिंह ने उपचुनाव के दौरान दाखिल शपथ-त्र में 2 आपराधिक मामलों की जानकारी दी, लेकिन 1991 में दर्ज एक अन्य एफआईआर का उल्लेख नहीं किया गया है। यह मामला पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के बाद दतिया में हुए चक्काजाम से जुड़ा बताया गया है। याचिका के अनुसार उस बीच लगभग 22 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। उनमें घनश्याम सिंह का नाम भी शामिल था। घनश्याम सिंह ने 30 जुलाई को हुए दतिया विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी के आशुतोष तिवारी को 6,016 मतों से हराया था। उन्हें 66 हजार 757 और तिवारी को 60 हजार 741 मत मिले थे।
दतिया विधानसभा सीट फिर से चर्चाओं में
दतिया विधानसभा सीट इससे पहले भी उपचुनाव के दौरान चर्चाओं में रही थी। बीजेपी ने पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को चुनावी मैदान में उतारा था ।कांग्रेस ने घनश्याम सिंह पर भरोसा जताया था। उपचुनाव में घनश्याम सिंह ने आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों से पराजित किया था। अब घनश्याम सिंह के निर्वाचन को हाईकोर्ट में चुनौती दिये जाने से यह सीट फिर सुर्खियों में है। याचिका में चुनावी शपथपत्र में 1991 के आपराधिक मामले की जानकारी छिपाने का आरोप लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *