2 साल बाद फिर छपेंगे RC और ड्राइविंग लाइसेंस के स्मार्ट कार्ड
भोपाल. वाहन मालिकों और लाइसेंसधारियों के लिए करीब 2 साल से बंद पडे आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस के स्मार्ट कार्ड फिर शुरू होने की राह खुल गई है। 1 अक्टूबर 2024 से प्लास्टि स्मार्ट कार्ड की प्रिंटिंग बंद है। इस अवधि में इंदौर जिले में 4.11 लाख नए वाहनों का पंजीयन हुआ जबकि करीब 3 लाख ड्राइविंग से अधिक लाइसेंस बनाए गए। इसके अलावा बडी संख्या में आरसी और डीएल का नवीनीकरण भी हुआ। इन सभी मामलों में लोगों को फिजिकल कार्ड के बजाय ऑनलाइन पीडीएफ उपलब्ध कराई गई जबकि विभाग कार्ड के नाम पर 12.41 करोड से अधिक की वसूली कर चुका है।
जानकारी के अनुसार परिवहन विभाग द्वारा आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस के लिए 200 रुपये शुल्क वसूला जाता है। यह शुल्क कार्ड नहीं देने पर भी बंद नहीं किया गया और विभाग ने अक्टूबर 2024 से अब तक 12 करोड 41 लाख 99 हजार 200 रुपये शुल्क के रूप में वसूले है। अब स्मार्ट कार्ड की प्रिंटिंग शुरू होने के बाद पुरानी पेंडेंसी के साथ नए कार्ड भी जारी करने होंगे। इससे नई एजेंसी पर एक साथ बडी संख्या में कार्ड तैयार करने का दबाव रहेगा। आरटीओ प्रदीप शर्मा का कहना है कि मुख्यालय स्तर से प्रक्रिया होना है। जिन लोगों से कार्ड का शुल्क लिया गयाहै उनको भी कार्ड जारी किए जाएंगे। हालांकि अभी तक इसको लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं मिले है।
कैबिनेट के फैसले के बाद मिली हरी झंडी
परिवहन विभाग ने स्मार्ट कार्ड तैयार करने का कार्य स्मार्ट चिप प्राइवेट लिमिटेड को दिया था। इस कंपनी से 30 सितंबर 2024 को अनुबंध समाप्त हो गया। इसके बाद नई एजेंसी नियुक्त करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हुई, लेकिन लंबे समय तक प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। अब कैबिनेट के फैसले के बाद स्मार्ट कार्ड व्यवस्था फिर शुरू करने की प्रक्रिया की जा रही है।
