भोपाल-ग्वालियर समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट
ग्वालियर. मध्य प्रदेश में मानसूनी वर्षा का दौर धीमा पड गया है। सोमवार को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम साफ रहा। शिवपुरी में 9 मिलीमीटर, इंदौर में 7 मिलीमीटर, राजगढ में 7 मिलीमीटर और नर्मदापुरम में 5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। जबकि राजधानी भोपाल सहित बाकी जिलों में हल्की बूंदाबांदी के बाद धूप खिल गई। छतरपुर जिले के नौगांव, छिंदवाडा, रतलाम, टीकमगढ, उज्जैन और पचमढी में 1 मिलीमीटर के आसपास ही पानी गिरा।
19 सितंबर से मानसून की विदाई का अनुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 19 सितंबर के आसपास पश्चिमी राजस्थान से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही है लेकिन विदाई से पहले प्रदेश में वर्षा का एक और दौर देखने को मिलेगा। वर्तमान में राजस्थान-गुजरात सीमा पर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।
अगले 48 घंटों में वर्षा का अनुमान
इसके साथ ही मुख्य मानसून ट्रफ राजगढ व दमोह से और अरब सागर से झारखंड तक फैली दूसरी ट्रफ लाइन भी प्रदेश के ऊपर से गुजर रही है। इन सक्रिय वेदर सिस्टम्स के चलते अगले 48 से 72 घंटों के दौरान भोपाल, सीहोर, राजगढ, उज्जैन और चंबल ग्वालियर संभाग सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक की स्थिति बनी रहने का अनुमान है।
