MP में 25 सितंबर से शुरू होगी सरकारी बस सेवा
भोपाल. 20 साल बाद मध्यप्रदेश में एक बार फिर सरकारी बस सेवा शुरू होने वाली है। इसकी शुरुआत के लिए 25 सितंबर का दिन तय किया गया है। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा नाम से यह बस सेवा प्रदेश की जनता को मिलने लगेगी। खास बात यह है कि मध्यप्रदेश में बस सेवा शुरू कराने के लिए लगातार अभियान चलाता रहा है। पिछले साल सरकार ने फिर से बस सेवा शुरू करने और नया विभाग बनाने का ऐलान किया गया था।
प्रदेश में राज्य परिवहन निगम को बंद हुए 20 साल हो गए
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को इंदौर में इसकी घोषणा की। वे ब्रिलियंट कंवेंशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय “यात्री परिवहन विजन समिट 2026” को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इसी माह यह बस सेवा शुरू हो जाएगी। मध्यप्रदेश में दशकों से बंद पड़ी राज्य परिवहन बस सेवा को आज एक संजीवनी मिल रही है। इस नई बस सेवा यात्रियों, ऑपरेटरों, सरकार और नई तकनीक अपनाने वालों को लाभान्वित करेगी। कार्यक्रम में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव और ट्रांसपोर्टेशन से जुड़े सभी एक्सपर्ट शामिल थे। मध्यप्रदेश में राज्य परिवहन निगम को बंद हुए 20 साल हो गए। अब फिर से सरकारी परिवहन सेवा शुरू होने जा रही है। इस दौरान अनुबंधित बसें और प्राइवेट बसें ही संचालित हो रही थीं। यह बसें मध्यप्रदेश के सभी जिलों को कवर करेंगी।
15 हजार से ज्यादा बसें, 5 लाख किमी का रोड नेटवर्क
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा की शुरुआत से बाजार में अवसर बढ़ेंगे, जो हमें आगे बढ़ने का मौका देंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ई-व्हीकल्स शुरू हो रहे हैं। अब हमारी धरती पर बने इलेक्ट्रिक व्हीकल इंजन देश-दुनिया में सप्लाई हो रहे हैं। आज एक विशेष एमओयू भी किया गया है। उसके माध्यम से यात्रियों को टू-व्हीलर से सुगम परिवहन बस तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
