ग्वालियर में चिपचिपी गर्मी से लोग बेहाल, 24 अगस्त तक 33 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
ग्वालियर. ग्वालियर में शुक्रवार को बारिश नहीं होने से दिनभर चिपचिपी गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। कभी धूप तो कभी बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। हवा की रफ्तार कम और नमी 92 प्रतिशत रहने से लोगों को गर्मी और घुटन का ज्यादा अहसास हुआ। शुक्रवार को ग्वालियर का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वातावरण में नमी का स्तर 92 प्रतिशत तक पहुंच गया। अधिक नमी के कारण तापमान सामान्य से कम होने के बावजूद गर्मी और घुटन महसूस हुई। सुबह से बादल छाए रहे और दोपहर तक धूप-बादल आते-जाते रहे। घरों, बाजारों और सड़कों पर लोग पसीने और उमस से परेशान नजर आए।
ग्वालियर में 434.5 मिमी बारिश हुई
इससे पहले गुरुवार सुबह शहर में करीब आधे घंटे में 25.7 मिमी यानी 1.01 इंच बारिश दर्ज की गई थी। बारिश के बाद कुछ देर मौसम सुहाना रहा, लेकिन बाद में फिर उमस बढ़ गई। मानसून सीजन में अब तक ग्वालियर में 434.5 मिमी बारिश हुई है। यह औसत 491 मिमी से करीब 56.5 मिमी कम है।
33 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। 20 से 24 अगस्त तक प्रदेश के 33 जिलों के लिए अलग-अलग दिनों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसका असर पूर्वी मध्यप्रदेश के साथ ग्वालियर-चंबल संभाग के कुछ हिस्सों में भी देखने को मिल सकता है।

