MP में अगले चुनाव में जीत के लिए बीजेपी का बड़ा दांव, 1.14 लाख करोड़ का किया प्रावधान
भोपाल. मध्यप्रदेश में 2023 में हुए विधानसभा चुनावों में तमाम पूर्वानुमानों को झुठलाते हुए बीजेपी ने जबर्दस्त जीत हासिल की थी। पार्टी की इस विजय में लाड़ली बहना योजना का सबसे बड़ा योगदान था। यह योजना विधानसभा चुनाव के ऐन पहले शुरू की गई थी। लाड़ली बहना योजना के दम पर पिछला चुनाव जीतने वाली भाजपा, अगले विधानसभा चुनाव में भी इसके आसरे दिख रही है। इसके लिए पार्टी की सरकार ने बड़ा दांव चला है। कैबिनेट में अगले 5 साल तक लाड़ली बहना योजना को जारी रखने का निर्णय लिया है। इसके लिए 1 लाख 14 हजार 365 करोड़ रुपए की मंजूरी भी दी।
कांग्रेस के तमाम कयासों पर पूर्ण विराम लगाया
लाड़ली बहना योजना अभी कई सालों तक प्रदेश में चलती रहेगी। योजना को बंद करने के कांग्रेस के तमाम कयासों पर राज्य सरकार ने पूर्ण विराम लगा दिया है। कम से कम अगले 5 साल तक लाड़ली बहना योजना बदस्तूर चलती रहे, बीजेपी सरकार की केबिनेट ने इसके लिए पैसों का बंदोबस्त कर दिया है। लाड़ली बहना को वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव तक और उसके बाद भी हर महीने 1500 रुपए की राशि पांच साल तक मिलती रहेगी। सीएम डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इसके लिए मंजूरी दे दी गई। लाड़ली बहना योजना की यह राशि अगले 5 साल में 1.25 करोड़ पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डाली जाएगी।
मासिक किस्त की राशि 3 हजार रुपए तक कर दी जाएगी
सीएम डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना की मासिक राशि कई बार बढ़ाने की घोषणा की है। 5 साल में योजना की मासिक किस्त की राशि 3 हजार रुपए तक कर दी जाएगी। इस घोषणा पर अमल होने पर लाड़ली बहना को प्रति माह मिलने वाली राशि में खासी बढ़ोत्तरी हो जाएगी।

