सराफा व्यापारी से करोड़ों की लूट का 48 घंटे में खुलासा 5 करोड़ 50 लाख रुपये आभूषण बरामद, 6 आरोपी गिरफ्तार

भोपाल, रतलाम पुलिस ने सराफा व्यापारी से हुई करोड़ों रुपये की लूट की वारदात का महज 48 घंटे में सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण सहित लगभग 5 करोड़ 50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
क्या है पूरा मामला
घटना 13 अगस्त 2026 की रात थाना बिलपांक क्षेत्र अंतर्गत हनुमान चौकी, उमरथाना फंटा के पास हुई। फरियादी अर्पित पिता ललित कुमार चोरड़िया, निवासी जैन कॉलोनी रतलाम, गणेश मार्केट चांदनी चौक रतलाम में सोने-चांदी के आभूषणों का व्यवसाय करते हैं तथा बड़नगर के व्यापारियों के साथ भी व्यापारिक लेन-देन करते हैं।फरियादी 13 अगस्त को व्यापारिक कार्य से बड़नगर गया था। व्यापारियों को सोने के आभूषणों की बिक्री करने के बाद वह रात्रि बस से रतलाम के लिए रवाना हुआ। रात में बस के हनुमान चौकी, उमरथाना फंटा क्षेत्र में पहुंचने पर बड़नगर से बस में सवार 2 व्यक्ति फरियादी के पास पहुंचे और उसका बैग छीनने का प्रयास किया। फरियादी द्वारा बैग पकड़कर विरोध करने एवं शोर मचाने पर अन्य आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, नगदी एवं आवश्यक दस्तावेज रखे हुए थे।
300 CCTV कैमरों के फुटेज की जांच
पुलिस टीमों ने घटनास्थल से लेकर बड़नगर तक विभिन्न मार्गों पर लगे 300 CCTV कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। फरियादी, बस चालक, परिचालक एवं क्लीनर से पूछताछ कर महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई गई।
जांच के दौरान 15 अगस्त को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि घटना में शामिल आरोपी हिम्मतगढ़ पहाड़ी क्षेत्र में मौजूद हैं तथा लूट का सामान भी उनके पास है। पूछताछ करने पर आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए सोने के 238 नग जेवरात, वजन 4.167 किलोग्राम, चांदी के 183 नग जेवरात, वजन 4.047 किलोग्राम, कुल 421 नग सोने-चांदी के आभूषण, वजन 8.214 किलोग्राम सहित लगभग 5 करोड़ 50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

