शिवपुरी में नेशनल हाइवे -46 पर एक फीट पानी से थमी वाहनों की रफ्तार

शिवपुरी. देहात थाना इलाके में ककरवाया के पास राष्ट्रीय राजमार्ग -46 (एनएच-46) पर बारिश का पानी भरने से यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। रातभर वाहन पानी के बीच धीमी गति से रेंगते रहे। जिस वजह से सोमवार की सुबह वाहनों का दबाव बढ़ने पर भीषण जाम लग गया। खबर मिलते ही यातायात और देहात थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और फंसे वाहनों को निकालने का प्रयास किया।
ककरवाया में भैया होटल के पास हर साल वर्षा के बीच आसपास का पानी हाइवे पर जमा हो जाता है। इस बाद भी भारी बारिश के बाद सड़क पर लगभग एक फीट तक पानी भर गया। इससे हाइवे से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों का आवाजाही में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने वाहनों को सुरक्षित निकलवाया
सुबह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और पानी में फंसे वाहनों को सुरक्षित बाहर निकलवाया। दोपहर तक पुलिसकर्मियों को घटनास्थल पर तैनात रखा गया, ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारु बनी रहे और दोबारा जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश में इस स्थान पर हर साल पानी भरता है, लेकिन ओवरब्रिज निर्माण के कारण इस बार समस्या कहीं अधिक बढ़ गई है। इस बार स्थिति अधिक गंभीर इसलिए हो गई क्योंकि इसी क्षेत्र में एनएच-46 पर एक ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के चलते वाहनों को फिलहाल हाईवे की केवल एक ही पट्टी से निकाला जा रहा है। ऐसे में जब बारिश का पानी सड़क पर भर गया, तो वाहनों की रफ्तार और धीमी हो गई, जिससे धीरे-धीरे जाम की स्थिति बन गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *