क्विक रिस्पांस फोर्स जवानों की सूझबूझ ओर तत्परता से टली बड़ी दुर्घटना

भोपाल – मध्यप्रदेश पुलिस के जवानों ने एक बार फिर अपनी तत्परता, साहस, टीम भावना और मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए एक संभावित बड़ी रेल दुर्घटना को टाल दिया। दमोह के बांदकपुर में कानून-व्यवस्था ड्यूटी के लिए रवाना हुई क्विक रिस्पांस फोर्स  (QRF) कंपनी के 49 जवानों ने रेलवे फाटक पर अचानक बंद हुए एक मालवाहक ट्रक को रेलवे ट्रैक से हटाकर सुरक्षित दूरी पर पहुंचाकर मानवीय संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की।
10वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, सागर की क्विक रिस्पांस फोर्स  (QRF)  कंपनी दमोह के बांदकपुर मंदिर में कानून-व्यवस्था ड्यूटी हेतु रवाना हो रही थी। इसी दौरान मकरोनिया-गुड़ा रेलवे फाटक पर अचानक एक मालवाहक ट्रक रेलवे ट्रैक के बीच में बंद हो गया। ट्रक के अचानक बंद हो जाने से चालक घबरा गया और उसे तत्काल कुछ समझ नहीं आ रहा था। इसी बीच रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आने का संकेत हो गया था।
जवानों की इस त्वरित कार्रवाई के चलते संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। ड्यूटी पर जा रहे जवानों ने यह कार्य केवल अपनी जिम्मेदारी समझकर ही नहीं, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और मानव जीवन की सुरक्षा के प्रति अपने जज्बे का परिचय देते हुए किया।
घटना के बाद ट्रक चालक ने क्विक रिस्पांस फोर्स  (QRF)  जवानों का आभार व्यक्त किया। अचानक आई विपरीत परिस्थिति में मदद के लिए आगे आए जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए चालक भावुक दिखाई दिया। जवानों ने उसे ढांढस बंधाते हुए सुरक्षित रहने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *