आईजी ने पुलिस लाइन का किया वार्षिक निरीक्षण, दरबार लगाकर पुलिस कर्मियों की समस्याओं को सुना

ग्वालियर – पुलिस महानिरीक्षक अरविन्द कुमार सक्सेना ने मंगलवार को वार्षिक निरीक्षण के अंतर्गत पुलिस लाइन ग्वालियर का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस परेड की सलामी लेकर परेड का निरीक्षण किया, शासकीय वाहनों, टूल किट एवं उनमें उपलब्ध बलवा ड्रिल सामग्री की जांच की तथा पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड, रखरखाव एवं व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया।
पुलिस लाईन ग्वालियर में आयोजित परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सिकरवार ने किया। पुलिस महानिरीक्षक द्वारा परेड की सलामी लेने के उपरांत परेड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अनुशासित एवं उत्कृष्ट टर्नआउट वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
परेड निरीक्षण के उपरांत पुलिस महानिरीक्षक ने क्वार्टर गार्ड पर सलामी ली तथा पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण कर विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया, उन्होंने शस्त्रागार पहुंचकर हथियारों के रखरखाव, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके अलावा मालखाना, स्टोर, लाइन कार्यालय एवं अन्य प्रशासनिक शाखाओं का निरीक्षण कर अभिलेखों एवं कार्यप्रणाली की समीक्षा की और स्टोर शाखा में रखी सामग्री का अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के उपरांत पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस दरबार आयोजित कर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। दरबार के दौरान डॉग स्क्वॉड के डॉग मास्टर द्वारा बताया गया कि वर्तमान में पुलिस लाइन में छह प्रशिक्षित स्निफर एवं ट्रैकिंग डॉग्स वीआईपी सुरक्षा एवं अपराध अनुसंधान जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में लगातार सेवाएं दे रहे हैं, किन्तु उनके लिए उपयुक्त कैनाल(डॉग शेल्टर) उपलब्ध नहीं है। इस पर पुलिस महानिरीक्षक ने तत्काल रक्षित निरीक्षक को आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र कैनाल निर्माण एवं व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस महानिरीक्षक श्री अरविन्द कुमार सक्सेना ने दरबार में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में ग्वालियर पुलिस द्वारा गंभीर एवं जघन्य अपराधों के त्वरित एवं सफल अनावरण, कानून-व्यवस्था के प्रभावी प्रबंधन तथा जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *