नीट पेपर लीक का विरोध प्रदर्शन कर रहे युवकों पुलिस ने पानी की बौछार से हटाया

ग्वालियर. नीट परीक्षा में पेपरलीक और अनियमितताओं के विरोध में युवक कांग्रेस ने शनिवार की दोपहर को जोरदार प्रदर्शन किया। बारादरी चौराहे पर आयोजित विरोध प्रदर्शन के बीच कार्यकर्त्ताओं ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान की इस्तीफे की मांग का लेकर केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस बीच शिक्षा मंत्री का पुतलादहन का प्रयास भी किया गया। जिसे पुलिस ने विफल कर दिया।
युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मितेन्द्र दर्शनसिंह के आव्हान पर बड़ी संख्या में कार्यकर्त्ता बारादरी चौराहे पर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा में कथित गड़बडि़यों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है।उन्होंने कहा है कि इसी मुद्दे को लेकर लेकर के 22 से ज्यादा शहरों में छात्रों की गूज अभियान चलाया जा रहा है। जब तक केन्द्रीय शिक्षामंत्री अपना इस्तीफा नहीं देते तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
वाटर कैनन से प्रदर्शनकारी तितर-बितर
जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धारा 163 लागू होने के कारण बिना अनुमति धरना, रैली और जुलूस पर प्रतिबंध है। ऐसे में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका। जब कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन का प्रयास किया तो पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर उन्हें तितर-बितर कर दिया। कुछ समय तक चौराहे पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन समाप्त करा दिया।
सीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि युवक कांग्रेस ने NEET मामले की जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन की अनुमति मांगी थी। धारा 163 प्रभावी होने के कारण मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। लगभग 150 प्रदर्शनकारी मौजूद थे, जिन्होंने पुतला दहन का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने वाटर कैनन का उपयोग कर उसे रोक दिया और भीड़ को मौके से हटा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *