MP के 10 लाख कर्मी-पेंशनर्स के लिए खुशखबरी, होली पर सीएम ने दिया बड़ा तोहफा
भोपाल. प्रदेश के शासकीय सेवकों और पेंशनर्स के महंगाई भत्ता में सरकार ने 3 फीसदी की वृद्धि की है। सोमवार शाम सीएम डॉ. मोहन यादव ने इसकी घोषणा की। फायदा 7 लाख से अधिक शासकीय सेवक और 3 लाख से अधिक पेंशनर्स को होगा। बढ़ा हुआ 58 फीसदी महंगाई भत्ता अप्रेल से देय होगा। नकद लाभ मई में मिलने वाले अप्रेल के वेतन में होगा।
हर शासकीय सेवक और पेंशनर्स का वेतन हर माह 500 से 4300 रुपए तक बढ़ जाएगा। यह वृद्धि संबंधितों के ग्रेड व उन्हें देय वेतन के आधार पर अलग- अलग होगी। उधर, कोष एवं लेखा के अधीन सभी कोषालय अधिकारी अब किराये पर वाहन ले सकेंगे।
ईपीएफओ: ब्याज दर 8.25 फीसदी ही रहेगी
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने सोमवार को करीब 7 करोड़ खाताधारी कर्मचारियों के लिए वर्ष 2025-26 के लिए 8.25 फीसदी की ब्याज दर तय की है। यह लगातार दूसरा साल है, जब ब्याज दर स्थिर रही।

