ग्वालियर में होटल व्हाइट सीजन में चलता मिला जुआ, 15 जुआरी पकड़े, साढ़े तीन लाख रुपए जब्त
ग्वालियर. होलिका दहन के साथ ही पुलिस भी एक्शन मोड में आ गई है। क्राइम ब्रांच ने सोमवार रात होलिका दहन के बाद रात 10 बजे लोहिया बाजार स्थित होटल व्हाइट सीजन में जुए का खेल पकड़ा है। होटल के अलग-अलग कमरों में जुए के फड़ लगे थे। पुलिस ने होटल से 15 जुआरियों को पकड़ा है, जिनके पास से ताश की गड्डी और साढ़े तीन लाख रुपए बरामद किए गए हैं। पुलिस ने जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज करने के बाद आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।

ग्वालियर शहर के कोतवाली थाना स्थित लोहिया बाजार में होटल व्हाइट सीजन है। सोमवार रात को पुलिस को सूचना मिली थी कि होलिका दहन के साथ ही तीन दिन तक होटल में बड़े स्तर पर जुआ का फड़ लगाया जा रहा है। यह होलिका दहन के दिन से ही शुरू हो जाएगा।
पुलिस अफसरों ने क्राइम ब्रांच की टीम को इस मामले में एक्शन लेने के लिए निर्देशित किया था। सोमवार रात 10 बजे कोतवाली थाना पुलिस व क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए होटल में चल रहे जुए के अड्डे पर छापा मारकर 15 जुआरियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 3 लाख 45 हजार रुपए नकद बरामद किए। पकड़े गए सभी आरोपियों पर जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

