इजराइल-ईरान जंग, श्रीनगर में खामेनेई की मौत का विरोध, पुलिस का लाठीचार्ज
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी जंग पर कहा कि वहां हालात चिंताजनक हैं। भारत अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालेगा। हम बातचीत से समस्या का समाधान निकालने के पक्ष में हैं। मोदी ने आज दिल्ली में हैदराबाद हाउस में मार्क कार्नी से मुलाकात के बाद यह बात कही।

जम्मू-कश्मीर में लगातार दूसरे दिन विरोध प्रदर्शन जारी
इधर, जम्मू-कश्मीर में लगातार दूसरे दिन ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत पर विरोध प्रदर्शन जारी हैं। श्रीनगर के बेमिना इलाके में सुरक्षाबलों ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस भी छोड़ी। कुछ लोगों को हिरासत में लिया। शोपियां, बारामूला, बांदीपोरा में लोगों ने बाजार बंद रखा है। भारत के अलावा पाकिस्तान में भी खामेनेई की मौत के विरोध में हंगामा जारी है। आज सुबह पाकिस्तान के कब्जे वाला जम्मू-कश्मीर में विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया है। गिलगित-बाल्टिस्तान में प्रदर्शनकारियों ने यूनाइटेड नेशंस के ऑफिस में आग लगाई है, जिसमें गिलगित में यूनाइटेड नेशंस डेवलपमेंट प्रोग्राम का ऑफिस भी शामिल है।

वहीं, स्कर्दू में एसपी ऑफिस और कई सरकारी इमारतों में भी आग लगाई गई। प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग की वजह से 7 प्रदर्शनकारी मारे गए, 12 से ज्यादा घायल हैं। यहां पर अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित की गई है। गिलगित और स्कर्दू में सिक्योरिटी हाईअलर्ट पर है।

ईरान में 10 हजार भारतीय
ईरान में करीब 10 हजार भारतीय नागरिक रहते हैं, पढ़ते और काम करते हैं। जबकि 40,000 से ज्यादा इजराइल में रहते हैं। गल्फ और वेस्ट एशिया में करीब 90 लाख भारतीय हैं। पीएम ने यह भी बताया कि इजराइल के घटनाक्रमों पर भारत ने चिंता जताई है। भारत ने नागरिकों की सुरक्षा पर जोर दिया है। यही सबसे बड़ी प्राथमिकता है। भारत दुश्मनी को जल्द खत्म करने की जरूरत पर फिर से जोर देता है।

