लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी पी. नरहरि
ग्वालियर – चंबल संभाग में दिसम्बर माह तक सभी एकल नल जल योजनाओं का कार्य पूर्ण करें –
ग्वालियर – जल जीवन मिशन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्यक्रम है। जिसका उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक स्वच्छ पेयजल, नल कनेक्शन उपलब्ध कराना है। परियोजना के तहत एकल नल जल परियोजनाओं को 31 दिसम्बर तक हर हाल में पूर्ण किया जाना है। जहाँ पर भी पेयजल का स्त्रोत असफल है अथवा नहीं है वहाँ शीघ्र स्त्रोत निर्माण का कार्य करें। नल-जल योजनाओं के कार्य को अधिकारी सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ करें। इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन का काम लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं पंचायत विभाग के माध्यम से किया जा रहा है। प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग पी नरहरि ने शुक्रवार को ग्वालियर एवं चंबल संभाग में नल-जल योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा बैठक में यह बात कही।
प्रमुख सचिव पी. नरहरि ने समीक्षा के दौरान कहा कि नल जल योजना के तहत ग्वालियर एवं चंबल संभाग में और तेजी के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। भिण्ड एवं मुरैना में अपूर्ण योजनाओं को तेजी के साथ पूर्ण किया जाए। दोनों संभाग में जहाँ भी एकल नल जल योजना का कार्य शेष रह गया है वहाँ पर 25 दिसम्बर तक योजना का कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए। योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी। नल जल योजनाओं के संधारण के लिये भी प्रदेश स्तर से नई नीति का निर्धारण किया जा रहा है। यह नीति शीघ्र ही प्रदेश भर में लागू होगी। नई नीति के माध्यम से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से सभी जल जल योजनाओं के रख-रखाव का कार्य भी किया जायेगा।
प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग श्री एम के अंधवान ने समीक्षा बैठक के दौरान ग्वालियर – चंबल संभाग के प्रत्येक जिलों में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के प्रारंभ में मुख्य अभियंता आरएलएस मौर्य ने ग्वालियर चंबल संभाग में नल जल योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
