छिंदवाड़ा की घटना न केवल मप्र, बल्कि पूरे देश के लिए एक त्रासदी है-कांग्रेस
ऐसी लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना कृत्य बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे
ग्वालियर – मप्र के छिंदवाड़ा जिले में विगत दिनों जहरीला कफ सीरप पीने से मासूम बच्चों की असमय मृत्यु से समस्त प्रदेशवासियों में गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है। इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले बच्चों की आत्मा की शांति के लिए तथा इसमें दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग को लेकर मप्र कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में कांग्रेस द्वारा कंपू स्थित कमलराजा चिकित्सालय के सामने नेहरू पार्क में शांतिपूर्ण मौन धरना दिया गया।
जिलाध्यक्ष सुरेन्द यादव ने धरने की समाप्ति के पश्चात ने कहा कि हम सभी यहाँ उस दुखद और हृदय विदारक घटना के विरोध में एकत्र हुए हैं, जिसमें मप्र के छिंदवाड़ा जिले में शासन प्रशासन, चिकित्सा विभाग की लापरवाही से मासूम बच्चों ने जहरीले कफ सीरप दिए जाने के कारण अपनी अनमोल जिंदगी खो दी। यह घटना न केवल छिंदवाड़ा, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश और देश के लिए एक गहरी त्रासदी है। इन मासूमों की असमय मृत्यु ने हर संवेदनशील हृदय को झकझोर कर रख दिया है। हमारी संवेदनाएँ उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने लाडलों को खोया है। हम उन मासूमों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं। लेकिन साथ ही, हमारा यह मौन धरना एक मूक चेतावनी भी है कि ऐसी लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना कृत्य बर्दाश्त नहीं किए जाएँगे। हम माँग करते हैं कि इस मामले की गहन जाँच हो और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएँ दोबारा न हों। कांग्रेस पार्टी की सरकार और प्रशासन से अपील है कि वे इस मामले को गंभीरता से लें। बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। यह धरना केवल एक विरोध नहीं, बल्कि एक संकल्प है कि हम अपने बच्चों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करेंगे।

