ग्वालियर में 19 साल के युवक ने ढाबे पर लगाई फांसी, पिता जेल में बंद
ग्वालियर. झांसी रोड स्थित सौरभ ढाबे पर ढाबा संचालक के 19 वर्षीय बेटे ने ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना बीती रात की है। युवक ने सुसाइड नोट भी लिखा है जिसमें उसने अपनी मर्जी से जान देने की बात कही है। युवक के पिता अभी जेल में है और वह ढाबे पर ही अवैध शराब के साथ पकडे गए थे। उसने आत्महत्या क्यों की इसे लेकर कहानी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर मृतक के शव को पोस्टमार्टम करा कर स्वजन के सुपुर्द कर दिया है।
देर रात फोन पर किसी से बात करने के बाद फांसी लगाई
जानकारी के अनुसार ऐसा पता लगा है कि वह देर रात तक फोन पर किसी से बात कर रहा था इसके बाद उसने फांसी लगाई। हजीरा स्थित गोसपुरा नंबर 1 का रहने वाला धर्मेंद्र पटेल पेशे से ढाबा संचालक है। कुछ दिन पहले उसे आबकारी विभाग ने अवैध शराब के साथ ढाबे पर ही पकडा था। उस पर केस दर्ज किया और उसे जेल भेज दिया गया, इसके बाद ढाबे का काम उसका बेटा विवेक संभालने लगा था। बीती रात ढाबे पर काम करने वाले सभी कर्मचारी चले गए।
फांसी के फंदे पर लटका मिला विवेक
विवेक ढाबे पर ही रुक गया इसी दौरान उसने फांसी लगा ली। सुबह जब स्टाफ पहुंचा तब वह फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। स्टाफ ने स्वजन व पुलिस को सूचना दी। झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति यादव फोर्स के साथ पहुंच गए। शव को नीचे उतारा। उसके पास से सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें उसने लिखा था- अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहा है। उसने यह भी लिखा कि वह जीवन में कुछ अच्छा नहीं कर पाया, इसका उसे मलाल है। एक युवती का नाम लिखा है, जिसमें उसने लिखा है उसकी कोई गलती नहीं है। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर लिया है। पुलिस को आशंका है कि यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है।