ग्वालियर में No Entry में किया प्रवेश तो चालान पहुंचेगा सीधे घर, इन स्थानों पर लगेंगे कैमरे

ग्वालियर. अब शहर के नो एंट्री मार्गों से प्रवेश आसान नहीं होगा। अगले एक माह मे ंनो एंट्री मार्ग, पार्क और सार्वजनिक स्थलों पर स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन 310 बुलेट और 100 पेन टिल्ट जूम पीटीजेड कैमरा लगाने जा रहा है। हालांकि लक्ष्मीबाई समाधि स्थल और राजमाता चौराहे पर यह कैमरे लगा दिए गए है। बाकी जगह काम चल रहा है। यह कैमरे लगने के बाद गलत दिशा में एंट्री करते ही वाहन का चालान घर और मोबाइल पर पहुंच जाएगा।
पुलिस को मिलेगी मदद
आपराधिक घटनाओं को लेकर भी यह कैमरे काफी सहायक साबित होंगे। कैमरे के प्रोजेक्ट में चालान से स्मार्ट सिटी को आय होने की उम्मीद है। इससे पहले ग्वालियर स्मार्ट सिटी ने शहर के 31 तिराहों और चौराहों पर कैमरे लगाए है। इनके माध्यम से ट्रैफिक नियम तोडने वालों के चालान किए जा रहे है। अब इन कैमरों से असामाजिक तत्वों पर भी नजर रखने में स्मार्ट सिटी और पुलिस को मदद मिलेगी। इसका कारण है कि इन कैमरों को पुलिस द्वारा बताए गए स्थल पर लगाया जाएगा।
इन स्थानों पर लगाए जाएंगे कैमरे
लक्ष्मीबाई समाधि स्थल के पास, रेलवे स्टेशन रोड, बहोडापुर तिराहा, एयरटेल मार्ग सिटी सेंटर, नाका चंद्रवदनी, राजमाता तिराहा, गश्त का ताजिया, सराफा बाजार, छापाखाना, दौलतगंज, सूर्यनारायण मंदिर से नागदेवता मंदिर मार्ग, लोहिया बाजार-ऊंट पुल से इंदरगंज, छप्परवाला पुल से काजल टॉकिज, राजीव प्लाजा से इंदरगंज, राममंदिर तिराहा से गश्त का ताजिया, रांग साइट पाटनकर बाजार, गांधी मार्केट, मोर बाजार आदि जगह यह कैमरे लगाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *