शिकायतकर्ताओं से जिला स्तरीय अधिकारी स्वयं चर्चा कर कराएँ निराकरण – कलेक्टर
ग्वालियर – सीएम हैल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी स्वयं देखें। शिकायतकर्ताओं से चर्चा करें और जल्द से जल्द शिकायतों का निराकरण कराएं। साथ ही पोर्टल पर शिकायत के निराकरण की वस्तुस्थिति दर्ज करें, अन्यथा संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। इस आशय के निर्देश कलेक्टर रुचिका चौहान ने अंतरविभागीय समन्वय बैठक में सीएम हैल्पलाइन एवं समाधान ऑनलाइन में चयनित विषयों से संबंधित शिकायतों के निराकरण की समीक्षा के दौरान दिए।
बैठक से ही शिकायतकर्ताओं को फोन लगवाकर विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के निराकरण की वस्तुस्थिति जानी। महिला बाल विकास, स्वास्थ्य एवं जनजाति कल्याण विभाग से संबंधित शिकायतों के निराकरण में ढ़िलाई व देरी और पोर्टल पर सही जानकारी अपलोड न पाए जाने पर नाराजगी जताई। साथ ही जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और प्रभारी सहायक आयुक्त जनजाति कल्याण विभाग को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
सोमवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में रोजगार मेलों का आयोजन, स्कूलों में लगने जा रहे आधार शिविर, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, आहार अनुदान योजना, प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना, खाद वितरण एवं वृक्षारोपण सहित शासन के अन्य प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई। जीआईएस पोर्टल पर विभागवार जानकारी अपलोड करने का प्रजेंटेशन भी बैठक में दिया गया।
