बैंक लूट के आरोपी गिरफ्तार, इंश्योरेंस कम्पनी लूट वाले दिन का भाव गिनेगी, ग्राहक को लोन-ब्याज काटकर मिलेगी राशि

जबलपुर. सिहोरा में इंसाफ स्मॉल फायनेंस बैंक में 14 करोड़ रूपये का सोना और 5 लाख कैश लूटने के मामले का खुलासा हो गयाहै। 17 अगस्त रविवार को पुलिस ने 4 आरोपियों को दमोह से गिरफ्तार किया है। हालांकि लूटा गया सोना बरामद नहीं हुआ है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने इसे बिहार के साथियों के पास रखा है।
पुलिस की एक टीम जल्दी ही इसे रिकवर करेगी, हालांकि कितना सोना वापिस मिलेगा। अभी यह साफ नहीं है, दूसरी ओर बैंक में गहने गिरवी रखकर लोन लेने वाले ग्राहक यहां पहुंच रहे है। वह जानना चाहते हैं कि उन्हें सोने के गहने वापिस कैसे मिलेंग्ैं लुटेरों ने गहनों को गला दिया तो जितनी कीमत के गहने थे उतना ही पैसा वापिस मिलेगा या कम मिलेगा। जिन्होंने गहने के बदले लोन लिया, उनके लोन की रकम काटकर कितना पैसा वापिस मिलेगा। इन सभी सवालों के जवाब जानने के लिये एक्सपर्ट से बात की है और साथ उन लोगों से भी बात की जिन्होंने इस बैंक में सोना गिरवी रखकर लोन लिया था।
मां कहती है चेन ही चाहिए, पैसा नहीं
सीहोरा के सौरभ साहू बताते हैं, दो महीने अचानक मुझे रुपयों की जरूरत पड़ी तो 47 ग्राम गोल्ड गिरवी रखा था। 15 दिन पहले मैंने गिरवी रखा सोना वापस लेने का प्लान बनाया था। पैसों की व्यवस्था भी कर ली थी, लेकिन किसी ने सलाह दी कि ज्यादा जरूरत हो तो वापस लो, वर्ना रहने दो।
मैंने भी सोचा कि कुछ दिन बाद वापस ले लूंगा। 11 अगस्त को बैंक में जब लूट की खबर सुनी तो मैं तो हक्का बक्का रह गया। बैंक वालों का कहना है कि सारा गोल्ड इंश्योर्ड था। किसी का कोई नुकसान नहीं होगा। यहां सवाल पैसों का नहीं है, इससे हमारी इमोशनल वैल्यू जुड़ी है
पत्नी के गहने गिरवी रखे थे
सिहोरा के बुधारी गांव के बसंत पटेल ने एक साल पहले तीन तोला सोने के गहने इसाफ बैंक में गिरवी रखे थे। वे बताते हैं कि कुछ रुपयों की जरूरत थी। मैंने पत्नी से गहने मांगे, ये उसे हमारी शादी में मिले थे। किसी भी महिला का शादी में मिले गहनों से बड़ा इमोशनल अटैचमेंट होता है। पत्नी ने बेमन से गहने दिए। इसके पीछे मेरी मंशा थी कि लोन तो मिलेगा ही, गहने लॉकर में भी सुरक्षित रहेंगे और जब चाहेंगे वापस उठा लेंगे। एक महीना पहले जुलाई में ही मैंने रिन्युअल कराया था। 11 अगस्त को बैंक लूट के बारे में मुझे पता चला तो मैं बैंक आया। यहां अधिकारियों ने कहा कि लुटेरे पकड़े जाते हैं और उनके पास से पूरे गहने बरामद हो जाते हैं तो आपको गहने रिटर्न मिलेंगे।
चोरी हुई तो लिया था गोल्ड लोन
बैंक के बाहर बैठे नैगुवा के सोनू कुमार पटेल ने बताया कि दो–तीन महीने पहले मेरे खेत में चोरी हो गई थी। करीब 45 हजार कीमत का मेरा सबमर्सिबल पंप समेत वायर और रस्सी भी चुरा ले गए थे। इसके बाद ज्यादा बारिश की वजह से फसल को नुकसान हुआ, तो मैं गोल्ड लोन लेने को मजबूर हुआ। पत्नी का सवा तोले का हार बैंक में रखकर मैंने 52 हजार रुपए लोन लिया। मैंने सोचा था कि धान की फसल आने पर पैसा चुकाकर हार वापसले लूंगा। जब से पत्नी को बैंक लूट के बारे में पता चला है वो पूछ रही है कि हार वापस कैसे मिलेगा?
