MP में डीए पर बड़ा अपडेट, 9 महीने का एरियर काटकर होगी महंगाई भत्ता में बढ़ोत्तरी
भोपाल. मध्य प्रदेश के करीब 10 लाख अधिकारी-कर्मचारी और पेंशनर्स महंगाई भत्ता व महंगाई राहत को लेकर सरकारी ऐलान का बेसब्री से इंतजार कर रहे है। केंद्र सरकार द्वारा अपने कर्मचारियों के लिए डीए में 3 प्रतिशत की वृद्धि के बाद तो राज्य सरकार पर अधिकारी कर्मचारी संगठनों का जबर्दस्त दबाव बन गया है। महंगाई भत्ते में वृद्धि के लिए कर्मचारी संगठन आंदोलन पर उतर आए। इस बीच महंगाई भत्ते से जुडी एक खबर ने कर्मचारियों व अधिकारियों के कान खडे कर दिए है। आशंका जताई जा रही है कि प्रदेश सरकार डीए में बढोत्तरी तो करेगी पर छत्तीसगढ की तर्ज पर 9 माह की राशि काटकर ही यह लाभ देगी। डीए से जुडा यह अपडेट कर्मारियों-अधिकारियों और उनके संगठनों को चिंतित कर रहा है।
मध्यप्रदेश के कर्मचारी अधिकारी राज्य सरकार से केंद्र के समान महंगाई भत्ते की मांग कर रहे हैं। एमपी सरकार और केंद्र सरकार के डीए में 4 प्रतिशत का अंतर था। प्रदेश के कर्मचारी पिछले करीब 10 माह से डीए में केंद्र के समान 4 प्रतिशत की वृद्धि कर जनवरी 2024 से देय एरियर की भी मांग कर रहे थे। केंद्र सरकार द्वारा 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ा दिए जाने के बाद यह अंतर 7 प्रतिशत हो गया है। राज्य के कर्मचारी अधिकारी एरियर पर भी अड़े हुए हैं।

