उद्यमिता के क्षेत्र में भी महिलायें सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही हैं – कलेक्टर 

कैट की महिला विंग ने किया महिला उद्यमी सम्मेलन का आयोजन
ग्वालियर – महिलाएँ भी उद्यमिता के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं और सफलता के परचम लहरा रही हैं। शासन द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए कई कार्यक्रम संचालित हैं। साथ ही जिला उद्योग केन्द्र एवं औद्योगिक विकास निगम के माध्यम से महिलाओं को उद्यम स्थापित करने के लिए मदद उपलब्ध कराई जाती है। यह बात कलेक्टर रुचिका चौहान ने कैट (कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) ग्वालियर की महिला विंग द्वारा आयोजित किए गए महिला उद्यमी सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने उद्यमिता के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
मंगलवार को शहर के एक स्थानीय होटल में कैट महिला विंग द्वारा आयोजित किए गए विशेष महिला उद्यमी सम्मेलन में गुजरात से आईं प्रमुख वक्ता सुश्री प्रीति शुक्ला और जयपुर से पधारीं सुश्री रुचि प्रभाकर ने उद्यमिता से संबंधित अपने अनुभव साझा किए। साथ ही महिला उद्यमियों को उद्यम स्थापित करने की बारीकियां सिखाईं।
इस अवसर पर कैट महिला विंग की अध्यक्ष डॉ. गरिमा वैश्य, सचिव सीए शुभांगी चतुर्वेदी, और कोषाध्यक्ष मीनाक्षी गोयल ने भी सम्मेलन को संबोधित किया और महिला उद्यमिता के महत्त्व पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि यह सम्मेलन न केवल महिलाओं को अपने व्यवसायिक कौशल को निखारने का अवसर प्रदान करता है, बल्कि उन्हें नए नेटवर्क और साझेदारी स्थापित करने का भी मंच देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *