ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने वालों के लिए आया बड़ा अपडेट, RTO ने स्टॉक किए 5000 कार्ड

ग्वालियर. ड्राइविंग लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन कार्ड बनाने वाली स्मार्ट चिप कंपनी 30 सितंबर-24 से काम बंद करने जा रही है। कंपनी ने इसलिए लिखित सूचना क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय को दे दी है। कार्ड बनाने का काम ठप न हो इसलिए परिवहन विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। परिवहन विभाग ने 5000 कार्ड का स्टॉक कर लिया है जिससे अक्टूबर में कार्ड बनाने में ज्यादा परेशानी न हो। 3000 कार्ड आ चुके हैं और 2000 कार्ड एक-दो दिन में आ जाएंगे।
प्रस्ताव बनाकर भेजा भोपाल
अपर परिवहन आयुक्त प्रवर्तन उमेश जोगा ने बताया, नई कंपनी के चयन के लिए टेंडर प्रक्रिया की थी, लेकिन इसके लिए सिर्फ 3 कंपनियों ने आवेदन किए। किस कंपनी को काम दिया जाए, इसका प्रस्ताव बनाकर भोपाल भेज दिया है। अब वहां से ही निर्णय होगा। स्मार्ट चिप कंपनी को वर्ष-2022 तक करना था, लेकिन कोई नई कंपनी आई नहीं, इसलिए इसका ही कार्यकाल बढ़ाया गया।
त्योहार के कारण किया कार्ड का स्टॉक
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी एचके सिंह ने बताया, अगले माह नवदुर्गा, विजयादशमी और धनतेरस, दिपावली जैसे त्योहार आ रहे हैं, इन शुभ अवसर पर लोग वाहन खरीदते हैं। यदि कार्ड नहीं होंगे तो रजिस्ट्रेशन में दिक्कत आएगी। इसलिए इस परेशानी से बचने के लिए 5000 कार्ड का स्टॉक कर लिया है। वहीं नए लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन का काम भी धीमी गति से हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *