मौसेरा भाई बोला-पत्नी ने शराब पिलाकर गला दबाया, पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इंतजार, मर्ग कायम
ग्वालियर. गिरवाई में एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हा गयी है। शव को जब अंतिम संस्कार के लिये ले जाने वाले थे तभी गले पर उंगलियों और नाखून के निशान देखकर परिजन आश्चर्यचकित रह गये। तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। प्रारंभिक जांच-पड़ताल में ही मामला हत्या का लग रहा था। जब युवक की मौत हुई थी उसकी पत्नी घर से गायब थी।
पुलिस ने जब जांच-पड़ताल की तो मृतक की पत्नी के मौसेरे भाई से हत्या की कहानी का पता लगा है। ऐसा पता लगा है कि पत्नी ने शराब पिलाने के बाद पति का गला दबा दिया। फिलहाल इस कहानी पर ही जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। इसके बाद ही पुलिस पूरे मामले का खुलासा करेगी। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है घटनाक्रम
गिरवाई थाना क्षेत्र के बाबा वाली पहाड़ी निवासी 24 वर्षीय लोकेन्द्र कुशवाह पुत्र नंदलाल कुशवाह प्राइवेट कंपनी में जॉब करता था। उसके परिवार में पिता नंदलाल और पत्नी अंजली कुशवाह है। गुरुवार को अंजली के पास उसकी मौसी का बेटा नंदू आया हुआ था। दोपहर करीब तीन बजे जब नंदलाल कुशवाह घर पहुंचा तो अंजली ने अपने ससुर को बताया कि लोकेन्द्र सो रहा है और उसके सिर में दर्द है, तो वह उसके लिए दर्द की दवा ला दें। साथ ही बताया कि उसे (अंजली) को अपने जीजा (मनोज कुशवाह) के घर जाना है। इस पर नंदलाल दवा लेने के लिए चले गए और कुछ देर बाद वापस आए तो घर की लाइट बंद थी और बहू और उसका मौसेरे भाई घर पर नहीं थे। अंदर कमरे में लोकेन्द्र बिस्तर पर लेटा हुआ था।
पुलिस का कहना
इस मामले में सीएसपी चन्द्रभान सिंह चढ़ार का कहना है कि एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हुई है। उसके गले पर घोंटने के निशान है, इसलिए पोस्टमार्टम कराया गया है। पत्नी पर मर्डर की कहानी सामने आई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट हाथ में आ जाए उसके बाद ही पुलिस मामले में आगे बढ़ सकेगी।

