कलेक्टर ने कुलैथ के सीएम राइज स्कूल का किया औचक निरीक्षण

ऑनलाइन अतिरिक्त कक्षायें लगाने के दिए निर्देश
ग्वालियर – साडा क्षेत्र की तलहटी में बसे ग्राम कुलैथ में संचालित सीएम राइज स्कूल का कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बुधवार को औचक निरीक्षण किया। दूरस्थ क्षेत्र में संचालित इस स्कूल की व्यवस्थाएँ बेहतर मिलने पर कलेक्टर ने प्रसन्नता व्यक्त की और प्राचार्य सहित समस्त शिक्षकों को शाबाशी दी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम अतुल सिंह भी उनके साथ थे।
सीएम राइज स्कूल की कक्षाओं व आईसीटी लैब सहित सम्पूर्ण परिसर का जायजा लिया। विद्यालय की कक्षाओं में बच्चों के ज्ञानवर्धन के लिये दीवारों पर प्रदर्शित की गई उपयोगी जानकारी और बच्चों को पढ़ाने के लिये अपनाई जा रहीं आधुनिक तकनीकों की उन्होंने सराहना की। साथ ही शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया। यहाँ स्मार्ट क्लासों के माध्यम से बच्चों को ऑनलाइन शिक्षा भी दी जा रही है।
प्राचार्य संजीव शर्मा ने जानकारी दी कि पहले विद्यालय के हाईस्कूल बोर्ड का रिजल्ट 17 प्रतिशत रहता था जो इस साल बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया है। इसी तरह 12वीं कक्षा का परिणाम 48 प्रतिशत से बढ़कर 80 प्रतिशत तक पहुँच गया है। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य से कहा कि इस साल ऐसे प्रयास हों, जिससे विद्यालय के सभी बच्चे उत्तीर्ण हो जाएँ। इसके लिये ऑनलाइन अतिरिक्त कक्षायें लगाकर पढ़ाई में कमजोर बच्चों की कठिनाईयों को दूर किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *