पांच माह से रिक्त पद भरने हुई बैठक, विजय यादव बने मुख्य सूचना आयुक्त
भोपाल. पांच माह से रिक्त सूचना आयुक्तों के पद को लेकर राज्य सरकार ने बैठक में चार सूचना आयुक्तों की नियुक्ति का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और मंत्री संपतिया उइके इसके लिए बर्ना गई चयन समिति में शामिल है। इनकी मौजूदगी में हुई बैठक में इन नियुक्तियों को मंजूरी दी गई है। राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त एवं सूचना आयुक्तों की नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में चयन समिति की बैठक हुई। बैठक में सीएम यादव के साथ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सम्पतिया उइके एवं नेता प्रतिपक्ष सिंघार शामिल हुए।
चयन समिति द्वारा मुख्य सूचना आयुक्त के पद के लिए विजय यादव (सेवानिवृत्त विशेष पुलिस महानिदेशक) का चयन किया गया साथ ही सूचना आयुक्तों की नियुक्ति के लिए उमाशंकर पौरी (शिक्षाविद्), वंदना गांधी (समाजसेवी) एवं ओमकार नाथ (सेवानिवृत्त जज) चयनित किये गये। गौरतलब है कि मुख्य सूचना आयुक्त और राज्य सूचना आयुक्त के दस पद मार्च 2024 से रिक्त पड़े हैं। इसके चलते सूचना आयोग में लोक सूचना अधिकारियों और प्रथम अपीलीय अधिकारियों के विरुद्ध अपील के हजारों मामले आयोग में पेडिंग पड़े हैं। हाईकोर्ट में भी इस मामले में याचिका लगाई जा चुकी है जिसके बाद कोर्ट ने जल्द नियुक्ति के आदेश राज्य सरकार को दिए थे। इसके लिए मार्च में आवेदन कराए गए थे जिसमें 185 आवेदन आनलाइन जमा हुए थे।

