अमित शाह बोले छत्तीसगढ़ से सरकार बदल दो

रायपुर. मोदी एट द रेट 20 किताब पर प्रबुद्धजनों से संवाद में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 20 साल के संसदीय कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्षी दलों पर जमकर प्रहार किया। रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में शाह ने कहा कि जब से देश में मोदी सरकार आई है, नक्सली घटनाओं में लगातार कमी आई है। नक्सली हिंसा में जवानों की मौतों में कमी आई है। वामपंथी कुछ जिलों में सिमटकर रह गए हैं। शाह ने पूरे जोश के साथ कहा कि छत्तीसगढ़ में भी सरकार बदल दो, चुटकी में नक्सलवाद का सफाया हो जाएगा।

शाह ने पीएम मोदी को आदर्शवादी नेता, अच्छा श्रोता और जनता के दर्द को दूर करने वाला प्रधानमंत्री बताया। यूपीए सरकार पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि 2010 से 2014 का एक कालखंड आया था, जब देश परेशान था। मनमोहन सिंह की सरकार थी, लेकिन चलाती सोनिया गांधी थीं। देश का भविष्य धुंधला हो गया था। सारे सूचकांकों में देश पिछड़ रहा था। लोग निराश हो चुके थे कि देश में यह कैसी व्यवस्था है। देश किस तरह आगे बढ़ पाएगा। उस वक्त भाजपा ने नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री उम्मीदवार के रूप में खड़ा किया गया। तीस साल बाद दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनी।

मोदी जब प्रधानमंत्री बने तब तीन नासूर थे। परिवारवाद, भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण। सारी राजनीतिक पार्टियां इसमें लिप्त थीं। आठ साल के शासन में विपक्ष भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सका। शाह ने करीब 35 मिनट के संवाद में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर सधे हुए अंदाज में हमला किया। शाह ने कहा कि पीएम मोदी जब बड़े निर्णय करते हैं, तब राहुल बाबा फौरन ट्वीटर पर आ जाते हैं। तीन चार ट्वीट ठोक देते हैं। सर्जिकल स्ट्राइक हो, एयर स्ट्राइक हो, नोटबंदी हो, जीएसटी हो, ये सारे बड़े फैसले नरेन्द्र मोदी ने देश हित में लिया है। नरेन्द्र मोदी जब मेक इन इंडिया की बात कहते थे, राहुल बाबा हंसते थे। आज भारत दुनिया का बड़ा उत्पादन हब बन रहा है। भारत स्टार्टअप का हब बन रहा है। शाह ने कहा कि देश की जनता आज पोलिटिक्स आफ परफारमेंस मांगती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *