GWALIOR किले से छात्रा ने लगाई छलांग, पेड़ की टहनियों में अटक गई थी, रेस्क्यू कर निकाला
ग्वालियर. 11वीं की छात्रा ने किले से कूदकर खुदकुशी का प्रयास किया लेकिन किस्मत से छात्रा पत्थर से टकराकर एक पेड़ की टहनियों में जाकर उलझ गई। कुछ लोगों ने छात्रा को कूदते देखा था। तत्काल पुलिस को सूचना दी और छात्रा को बचाने रेस्क्यू किया। छात्रा को बचा तो लिया लेकिन बेहोशी की अवस्था में होने पर जेएएच के आईसीयू में भर्ती किया गया। छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया यह फिलहाल पता नहीं चल सका है। वहीं मां कविता ने बताया कि वह खुद नहीं कुछ समझ पा रही है कि उसने यह कदम क्यों उठाया। वो 3 बजे घर से निकली थी। रात को उसके अस्पताल में भर्ती होने पर घटना का पता लगा। उसने सुसाइड का प्रयास क्यों किया अभी घरवाले कुछ नहीं बता रहे हैं। युवती ने भी अभी तक कुछ नहीं बताया है। पुलिस को छात्रा के ठीक होने का इंतजार है।
यह है पूरा मामला
पुलिस कन्ट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि एक लड़की ने किले से खुदकुशी के इरादे से छलांग लगा दी है। पुलिस तत्काल ही मौके पर पहुंची तो देखा कि युवती तलहटी में एक पेड़ की टहनियों में उलझी हुई थी। जिस कारण वह खाई में नीचे चट्टान पर गिरने से बच गई। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उसे किले की तलहटी से निकाला और सड़क तक लेकर आई। घायल लड़की की पहचान 11वीं की छात्रा 19 वर्षीय दिशा पुत्री दिनेश कुमार निवासी शिंदे की छावनी के रूप में हुई है। पहचान होने पर पुलिस ने उसके परिजन को खबर दी। घायल छात्रा को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। परिजन अस्पताल पहुंचे तो पुलिस ने उनसे पूछा लेकिन उन्होंने कुछ नहीं बताया। युवती को भी होश नहीं था इसलिए वह भी कुछ नहीं बता सकी।
तहसीलदार बयान लेने पहुंची
छात्रा के सुसाइड के प्रयास की खबर मिलते ही महिला तहसीलदार अस्पताल पहुंची। डॉक्टरों से उसकी तबियत के बारे में पूछा तो उनका कहना था कि अभी हालत गंभीर है। चूंकि उसे पूरी तरह से होश भी नहीं था इसलिए वह कुछ बता नहीं सकी। अब शनिवार को युवती के बयान होंगे।

