दुश्मन की कार ने कुचला मासूम बालक, हत्या या हादसा, पिता बोला रंजिश मुझसे थी बेटे ने क्या बिगाड़ा
ग्वालियर. घर के बाहर सड़क पर एक 4 वर्षीय मासूम खेल रहा था इसी बीच एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। स्थानीय लोग मासूम को लेकर अस्पताल भागे। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जिसकी कार से बालक का एक्सीडेंट हुआ है वह उसके पिता के दुश्मन की गाड़ी है। दोनों में 20 वर्ष से जमीन को लेकर दुश्मनी चली आ रही है। कुछ वक्त पहले मासूम के पिता को भी कार से टक्कर मारने का प्रयास किया गया था। मृतक के पिता का कहना है कि रंजिश तो मुझसे थी। लेकिन मेरे बेटे ने क्या बिकाड़ा था। उसे क्यों मार दिया। पुलिस अभी इसे सड़क दुर्घटना मान रही है। परिजन ने हत्या को सड़के हादसे का रूप देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।
क्या है पूरा मामला
महाराजपुरा के सिहोली निवासी पूरन सिंह मिर्धा पुत्र जनवेद सिंह किसान है। उनका 4 वर्षीय बेटा निमांष घर के सामने खेल रहा था। तभी तेज रफ्तार आ रही कार क्रमांक MP07 CK-6008 के चालक ने लापरवाही से चलाते हुए निमांष को टक्कर मार दी और रौंदते हुए ले गया। टक्कर लगते ही निमांष गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उसके परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद आरोपी कार नंबर से चालक का पता लगाया। कार मालिक व चालक हरिसिंह परिहार निवासी निबुआपुरा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।
20 वर्ष पुरानी है रंजिश
घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने हरीसिंह पर दुश्मनी का आरोप लगाते हुए बताया कि उनके बीच 20 साल से दुश्मनी चली आ रही थी और कई बार आरोपी परिवार ने उनकी मारपीट की है। आरोप परिवार ने उनकी बहन की शादी में भी हंगामा किया था। एक बार तो हरीसिंह ने पूरन सिंह को कार से कुचलने का प्रयास किया था। मृतक के पिता का कहना है कि यह इत्तेफाक नहीं न ही हादसा है। यह तो सोची समझी साजिश के तहत हत्या है। आरोपी ने 4 दिन पूर्व भी मुझे धमकाया था।

