यूक्रेन पर एक्शन में मोदी: पोलैंड के रास्ते भारतीयों को निकालेगी सरकार
नई दिल्ली. रूस ने यूक्रेन पर हमजा कर दिया है इसके चलते वहां का एयर स्पेस बंद हो गया है लेकिन मोदी सरकार ने यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए प्लान-बी पर काम शुरू कर दिया है इसके लिए दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में एक हाई लेवल मीटिंग की गई। मीटिंग में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, कैबिनेट सचिव और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी मौजूद रहे।
विदेश सचिव हर्ष वी. शृंगला ने मीटिंग के बाद बताया कि यूक्रेन से भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के वैकल्पिक तरीकों पर चर्चा की गई। इसके लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। भारतीय नागरिकों को पोलैंड के रास्ते भारत लाया जाएगा। इसके लिए विदेश मंत्री एस. जयशंकर पोलैंड, रोमानिया, स्लोवाक रिपब्लिक और हंगरी के विदेश मंत्रियों से बात करेंगे। पोलैंड-यूक्रेन की सीमा पर भारतीय दूतावास ने अपना कैंप लगा लिया है।
शृंगला ने इंडियन एयरफोर्स की मदद से भारतीयों को सीधे यूक्रेन से एयरलिफ्ट करने की संभावना पर भी मीटिंग में चर्चा होने की बात कही। उन्होंने कहा, इसके लिए हम रक्षा मंत्रालय के साथ संपर्क में है ताकि यूक्रेन की सिचुएशन के हिसाब से कदम उठाया जा सके। इसके लिए विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर आज रात यूक्रेन के विदेश मंत्री से बात करेंगे। विदेश सचिव ने कहा, हमने यूक्रेन की राजधानी कीव से सभी भारतीयों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की तैयारी कर ली है। इसके लिए सड़क मार्गों की मैपिंग कर ली गई है।
उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने मीटिंग में स्पष्ट कहा है कि सभी नागरिकों की सुरक्षित वापसी टॉप प्रायोरिटी है, इसे सुनिश्चित किया जाए। भारत सरकार यूक्रेन की सभी यूनिवर्सिटीज से इंडियन स्टूडेंट्स के लिए ऑनलाइन क्लासेज चलाने की रिक्वेस्ट भी कर रही है। विदेश सचिव हर्ष वी. शृंगला ने पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन के बीच थोड़ी देर बाद रात में ही बात होने की भी पुष्टि की।
